Nagpur News: कलमना मंडी में खुले में छोड़ा सैकड़ों क्विंटल अनाज भीगकर हुआ खराब

कलमना मंडी में खुले में छोड़ा सैकड़ों क्विंटल अनाज भीगकर हुआ खराब
अचानक बेमौसम बारिश से हुआ नुकसान

Nagpur News नागपुर की कृषि उपज मंडी (कलमना) में बुधवार रात हुई अचानक बेमौसम बारिश में खुले आसमान के नीचे रखा सैकड़ों क्विंटल अनाज भीग गया, जिससे किसानों और व्यापारियों को भारी आर्थिक चपत लगी है। धान्य गंज आढ़तिया मंडल के अध्यक्ष गोपाल कलमकर ने बताया कि गेहूं का सीजन होने के कारण रोजाना करीब 3000 बोरी गेहूं और 2 से 2.5 हजार बोरी तुअर व चना मंडी पहुंच रहा है। शेड में जगह की कमी के चलते भारी मात्रा में माल ऑक्शन हॉल के सामने रखा गया था।

नीलामी के बाद खुले में छोड़ दिया : बुधवार को दिनभर चली नीलामी प्रक्रिया के बाद अधिकांश व्यापारियों ने अपना खरीदा हुआ माल बोरियों में भरकर खुले में ही छोड़ दिया था। रात में हुई तेज बारिश के कारण बोरियां पूरी तरह गीली हो गईं। इसमें व्यापारियों का वह माल भी शामिल है, जिसकी खरीदी हो चुकी थी और किसानों का वह माल भी, जिसकी नीलामी होनी थी। गुरुवार को मंडी में हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में अवकाश था।

फरवरी से अप्रैल के बीच हुई बरसात ने किसानों को रुलाया : अतिवृष्टि से खरीफ की फसल बर्बाद होने के दु:ख को किसान भूला भी नहीं पाया कि बेमौसम बरसात ने फिर किसानों को रुला दिया। फरवरी से अप्रैल के बीच हुई बेमौसम बरसात ने जिले में 1980 हेक्टेयर फसल को नुकसान पहुंचाया। कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 अप्रैल को हुई बेमौसम बरसात से 61 किसानों की 41 हेक्टेयर फसल खराब होने की प्राथमिक जानकारी सामने आई है। अंतिम सर्वेक्षण रिपोर्ट आनी बाकी है। फरवरी महीने में हुई बेमौसम बरसात से सर्वाधिक नुकसान होने का सर्वेक्षण में खुलासा हुआ है।

प्राथमिक सर्वेक्षण रिपोर्ट में नुकसान का आकलन : अब तक जिले के 1746 किसानों की 1909 हेक्टेयर फसल अचानक हुई बरसात से प्रभावित हुई है। 1 अप्रैल की रात हुई बरसात में 61 किसानों की 41 हेक्टेयर फसल खराब होने का प्राथमिक अनुमान है।


Created On :   3 April 2026 12:15 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story