- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- चालान पर हुआ बवाल, ट्रैफिक पुलिस से...
Nagpur News: चालान पर हुआ बवाल, ट्रैफिक पुलिस से उलझना पड़ गया महंगा

Nagpur News लकड़गंज ट्रैफिक पुलिस के साथ बदसलूकी करना एक युवक और उसकी महिला मित्र को महंगा पड़ गया। चालान की कार्रवाई से नाराज होकर पुलिस से उलझने का अंजाम आखिरकार थाने तक पहुंचा, जहां दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। लकड़गंज पुलिस मामले की जांच कर रही है।
3250 रुपए का जुर्माना : पुलिस के अनुसार लकड़गंज ट्रैफिक पुलिस शाखा में तैनात पुलिस हवलदार नरेश लिखार गत 31 मार्च 2026 की सुबह इतवारी स्थित पुराने मोटर स्टैंड चौक पर नाकाबंदी ड्यूटी पर थे। इसी दौरान करीब 11 बजे एक एक्टिवा सवार बिना हेलमेट के आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर लाइसेंस और अन्य दस्तावेज मांगे, लेकिन चालक ने न केवल दस्तावेज दिखाने से इनकार किया, बल्कि अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए मौके से भागने की कोशिश की। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर हेलमेट न पहनने, बिना लाइसेंस वाहन चलाने और आदेश की अवहेलना के तहत 3250 रुपए का चालान काट दिया।
कुछ समय बाद युवक अपनी महिला साथी के साथ वापस लौटा और चालान को लेकर हंगामा करने लगा। दोनों ने पुलिसकर्मियों से तीखी बहस की, गाली-गलौज की और ड्यूटी में बाधा उत्पन्न की। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई, जिसके बाद अतिरिक्त बल मौके पर पहुंचा और दोनों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी की पहचान रोहन अजय राणे (29) और तेजस्विनी लवनकर (30) के रूप में हुई। इतना ही नहीं, थाने में भी दोनों का रवैया आक्रामक रहा। उन्होंने वहां भी पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार का प्रयास किया। इस घटना के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, गाली-गलौज और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
Created On :   2 April 2026 2:09 PM IST













