- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- युवक कांग्रेस में बदलाव...
संगठन पुनर्गठन: युवक कांग्रेस में बदलाव जल्द,अध्यक्ष पद के लिए नेताओं के समर्थकाें का नाम आगे

Nagpur News. युवक कांग्रेस में शहर स्तर पर जल्द ही नेतृत्व परिवर्तन होगा। संगठन पुनर्गठन के तहत प्रदेश स्तर पर नई कार्यकारिणी तैयार की गई है। एक सप्ताह बाद नई शहर कार्यकारिणी भी तैयार की जाएगी। जानकारी के अनुसार इस बार शहर अध्यक्ष की नियुक्ति चुनाव के बजाय चयन प्रक्रिया से होगी। लिहाजा प्रमुख नेताओं के समर्थकों के नाम शहर अध्यक्ष पद के लिए प्रदेश स्तर पर भेजे गए हैं। दावा किया जा रहा है कि इस बार युवक कांग्रेस में पदाधिकारी नियुक्ति के लिए पहले के समान स्पर्धा नहीं है। विधानसभा क्षेत्र स्तर पर पदाधिकारी चयन के लिए युवा व सुशिक्षित कार्यकर्ताओं की तलाश की जा रही है।
इन नामों की चर्चा
शहर में युवक कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर लंबे समय से विवाद रहा है। अध्यक्ष पद के चुनाव में बोगस मतदान के आरोपों के साथ झुमाझटकी की घटनाएं भी हुई है। लेकिन इस पर चयन प्रक्रिया से नियुक्ति होने के कारण इच्छुक उम्मीदवार अपने संरक्षक नेताओं के माध्यम से अपने नाम आगे बढ़ा रहे हैं। इस पद के लिए जिन नामों की चर्चा है उनमें अक्षय हेटे, रौनक चौधरी, आकाश गूजर, हेमंत कातुरे का नाम प्रमुखता से शामिल है। हेटे और चौधरी प्रदेश युवक कांग्रेस के पदाधिकारी भी है। दक्षिण नागपुर में कांग्रेस नेता गिरीश पांडव के समर्थक माने जाते हैं। कांग्रेस के शहर अध्यक्ष विकास ठाकरे व विधानपरिषद सदस्य अभिजीत वंजारी की पसंद के तौर पर इन दोनों के नाम आगे बढ़ाये जाने की चर्चा है। हेमंत कातुरे को पूर्व मंत्री सुनील केदार व कांग्रेस नेता प्रफुल गुडधे का समर्थन मिला हुआ है। युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रहे कुणाल राऊत व उनके समर्थकों का नाम नई कार्यकारिणी के लिए अधिक चर्चा में नहीं है।
नेतापुत्राें को मौका
युवक कांग्रेस की विस्तारित प्रदेश कार्यकारिणी में नेतापुत्रों को मौका मिला है। प्रदेश अध्यक्ष शिवराज मोरे ने स्थानीय नेताओं की पसंद का ध्यान रखा है। पूर्व जिप अध्यक्ष सुरेश भोयर के पुत्र अनुराग को उपाध्यक्ष, पूर्व मंत्री राजेंद्र मुलक के पुत्र यशराज को महासचिव व पूर्व विधायक अशोक धवड़ के पुत्र अभिषेक को महासचिव नियुक्त किया गया है। प्रदेश कार्यकारिणी में नागपुर के कार्यकर्ताओं का दबदबा है। उपाध्यक्ष 2, महासचिव 11 व सचिव 9 नागपुर से नियुक्त किए गए हैं।
Created On :   1 April 2026 9:23 PM IST












