Nagpur News: गहरा रही समस्या, अधिकतर स्टेशन ड्राई, वाहनधारक परेशान

गहरा रही समस्या, अधिकतर स्टेशन ड्राई, वाहनधारक परेशान
स्टॉक शून्य , ऑटो एलपीजी की मुश्किलें

Nagpur News उपराजधानी में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पटरी पर लौटी ही थी कि अब ऑटो-एलपीजी का नया संकट खड़ा हो गया है। ऑटो-एलपीजी सप्लाई करने वाली गो-गैस कंपनी का स्टॉक लगभग शून्य पर पहुंच गया। इसके चलते शहर के ज्यादातर ऑटो-एलपीजी पंप ड्राई हो गए। कई पंपों पर ‘नो गैस’ के बोर्ड लगा दिए गए हैं। गैस नहीं मिलने से खासकर ऑटो रिक्शा चालकों की परेशानी बढ़ गई है। शहर में यात्री परिवहन भी प्रभावित होने लगा है।

सभी पंप बंद, चालकों की लंबी कतारें : शहर के इमामवाड़ा, कामठी रोड, मानेवाड़ा समेत कई इलाकों में गो-गैस के ऑटो-एलपीजी पंप संचालित होते हैं। पिछले कुछ दिनों से सप्लाई कम होने के संकेत मिल रहे थे। सोमवार तक हालात और बिगड़ गए। कई पंपों पर गैस खत्म हो गई। उन्हें अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा।

"नो गैस" के बोर्ड : कई पंपों ने नोटिस लगा दिया है कि फिलहाल गैस उपलब्ध नहीं है। कुछ ऑटो चालकों का कहना है कि वे सुबह से कई पंपों के चक्कर लगा चुके हैं। कहीं भी गैस नहीं मिल रही। ऑटो घर पर ही खड़ा रखना पड़ रहा है। रोज की कमाई पर असर पड़ रहा है।

यात्रियों की परेशानी बढ़ी : बस स्टॉप, रेलवे स्टेशन और बाजार इलाकों में लोगों को ऑटो के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। पहले जहां आसानी से ऑटो मिल जाते थे। वहीं अब लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ रहा है। कुछ जगहों पर किराया बढ़ने की भी शिकायत सामने आई है।

जल्द सप्लाई बहाल होने की उम्मीद : कंपनी : पंप संचालकों के मुताबिक ऑटो-एलपीजी का स्टॉक फिलहाल शून्य पर पहुंच गया है। कंपनी स्तर पर सप्लाई बहाल करने के लिए बातचीत चल रही है। जैसे ही गैस की नई खेप शहर में पहुंचेगी, पंपों पर फिर से सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।


Created On :   31 March 2026 2:37 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story