- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- फिर सर्वर फेल, सैकड़ों छात्र नहीं...
Nagpur News: फिर सर्वर फेल, सैकड़ों छात्र नहीं दे पाए परीक्षा, वैनगंगा इंजीनियरिंग कॉलेज केंद्र रद्द

Nagpur News. राज्य के कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी) सेल द्वारा आयोजित बी.एड. प्रवेश पात्रता परीक्षा के दौरान वैनगंगा इंजीनियरिंग कॉलेज केंद्र पर लगातार दूसरे दिन शनिवार को भी भारी अव्यवस्था देखने को मिली। सर्वर फेल होने के कारण सैकड़ों छात्र दूसरे दिन भी परीक्षा नहीं दे सके। छात्रों में तीव्र नाराजगी को देखते हुए सीईटी सेल ने स्पष्ट किया कि वैनगंगा इंजीनियरिंग कॉलेज केंद्र को तकनीकी कारणों के चलते रद्द किया जाता है। इस केंद्र पर प्रस्तावित सभी परीक्षाएं पुनः निर्धारित की जाएंगी। विद्यार्थियों को उनके ईमेल और मोबाइल नंबर के माध्यम से पूरी जानकारी दी जाएगी।
यह भी पढ़े -शहर की व्यवस्था जिस मनपा के हवाले बिना ऑडिट चल रहा है उसका लेन-देन, आमदनी और खर्च पर आखिर किसकी नजर
केंद्र पर ही विरोध प्रदर्शन
राज्य में शुक्रवार से बी.एड पाठ्यक्रम के लिए प्रवेश परीक्षा शुरू हुई थी, जिसमें तीन दिनों के लिए कुल 717 छात्रों को शामिल किया गया था। लेकिन पहले ही दिन सर्वर की तकनीकी खराबी के चलते परीक्षा समय पर आयोजित नहीं हो सकी थी और इसे रद्द करना पड़ा था।
इंजीनियर केंद्र से फरार
परीक्षा आयोजन का ठेका जिस कंपनी को दिया गया था, उसका इंजीनियर केंद्र से गायब पाया गया। केंद्र पर मौजूद अन्य कर्मचारियों को भी स्थिति की स्पष्ट जानकारी नहीं थी, जिसके कारण पूरे दिन परीक्षा शुरू नहीं हो सकी। जानकारी के अनुसार, केंद्र पर लगाए गए सभी कंप्यूटर सर्वर समस्या के कारण बंद पड़े थे। संस्थान के अध्यक्ष डॉ. सोमदत्त करंजेकर ने सीईटी सेल के आयुक्त से संपर्क कर जल्द परीक्षा शुरू कराने की मांग की। आयुक्त ने आश्वासन दिया, लेकिन इसके बावजूद परीक्षा शुरू नहीं हो सकी।
यह भी पढ़े -भुजबल की केन्द्र सरकार से मांग - महाराष्ट्र में पीएनजी नेटवर्क विस्तार के लिए तकनीकी और वित्तीय मदद दें
अप्रशिक्षित तैनात
सूत्रों के अनुसार, सीईटी सेल ने परीक्षा संचालन का ठेका ‘एज्युस्पार्क’ कंपनी को दिया था, जिसने केंद्र का दो बार निरीक्षण भी किया था। परीक्षा के लिए तीन इंजीनियरों की नियुक्ति की गई थी। हालांकि, जानकारी सामने आई है कि कंपनी ने यह काम आगे सब-कॉन्ट्रैक्ट पर दे दिया था। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि तैनात कुछ कर्मचारी इतने अप्रशिक्षित थे कि वे साधारण पत्र भी पढ़ नहीं पा रहे थे।
Created On :   29 March 2026 7:15 PM IST












