- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- जमीन आवंटन के बाद भी काम शुरू नहीं,...
मिहान: जमीन आवंटन के बाद भी काम शुरू नहीं, 33 कंपनियों को नोटिस - अगले हफ्ते डॉ. इटनकर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक

Nagpur News. मिहान में जमीन लेने के बावजूद लंबे समय से काम शुरू नहीं करने वाली कंपनियों के खिलाफ प्रशासन सख्त रुख अपनाने की तैयारी में है। सूत्रों के अनुसार संबंधित कंपनियों को विकास आयुक्त कार्यालय की ओर से नोटिस भेजा गया है। अगले सप्ताह एमएडीसी नागपुर के उपाध्यक्ष व प्रबंध निदेशक डॉ. विपिन इटनकर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें मिहान से जुड़े विविध विषयो के साथ ही भूमि आवंटित होने के बाद भी परिचालन शुरू नहीं करने वाली कंपनियों के संदर्भ में चर्चा की जाएगी।
मांगा गया स्पष्टीकरण
विकास आयुक्तालय द्वारा नवंबर 2025 में समीक्षा की गई थी, जिसमें यह स्थिति सामने आई थी कि मिहान के सेज क्षेत्र में 24 कंपनियों और नॉन-सेज क्षेत्र में 9 कंपनियां कुल 33 कंपनियों ने जमीन आवंटित होने के काफी समय बाद भी काम शुरू नहीं किया है। इस संदर्भ में लगातार संबंधित कंपनियों को अवगत भी कराया गया। बावजूद इसके कंपनियों के ओर से कोई खास प्रतिसाद नहीं मिला। ऐसे में मिहान द्वारा हाल के दिनों में संबंधित कंपनियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
अलॉटमेंट रद्द करने की चेतावनी
सूत्रों के मुताबिक इस संदर्भ में अगले सप्ताह मिहान के सेंट्रल फैसिलिटी बिल्डिंग के सभागार में अहम बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें एमएडीसी नागपुर के उपाध्यक्ष व प्रबंध निदेशक डॉ. विपिन इटनकर और विकास आयुक्त प्रवीण कुमार उपस्थित रहेंगे। बैठक में संबंधित कंपनियों को तुरंत निर्माण कार्य शुरू करने या आवंटित जमीन सरेंडर करने का निर्देश दिया जाएगा। निर्देशों का पालन नहीं करने वाली कंपनियों का अलॉटमेंट रद्द किए जाने की भी संभावना है।
98 में से 31 कंपनियां संचालन में
मिहान के सेज क्षेत्र में अब तक कुल 98 कंपनियों को जमीन आवंटित की गई है। इनमें से 31 कंपनियां संचालन में हैं, जबकि 4 कंपनियों ने निर्माण कार्य शुरू किया है। इसके अलावा 22 नई कंपनियों को जमीन दी गई है और 6 कंपनियों ने अपना समझौता रद्द कर दिया है। एक कंपनी ने निर्माण कार्य रोक दिया है। 5 कंपनियां अभी समझौते पर हस्ताक्षर की प्रक्रिया में हैं। मिहान में हाल के समय में 4 नई कंपनियों को भी जमीन आवंटित की गई है। इनमें लिथियम-आयन बैटरी निर्माण, विमान के पुर्जों का निर्माण, उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुओं तथा ऑटोमोबाइल के प्रोटोटाइप व डमी मॉडल बनाने से जुड़ी कंपनियां शामिल हैं। इसके अलावा एक कंपनी आईटी और ट्रेडिंग क्षेत्र में काम करेगी।
Created On :   28 March 2026 7:51 PM IST










