Nagpur News: पेट्रोल पंपों पर नो स्टॉक के बोर्ड से मचा हड़कंप, गाड़ी को धक्का देकर ले जाने की दिखी मजबूरी

पेट्रोल पंपों पर नो स्टॉक के बोर्ड से मचा हड़कंप, गाड़ी को धक्का देकर ले जाने की दिखी मजबूरी
  • गाड़ी को धक्का देकर ले जाने की मजबूरी
  • अफवाहें बाजार में कृत्रिम संकट पैदा कर देती हैं

Nagpur News. बेसा और आस-पास के ग्रामीण इलाकों में नगर पंचायत क्षेत्र में पेट्रोल सप्लाई बंद होने की अफवाह ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थिति यह है कि, जहां भी कोई पेट्रोल पंप खुला नजर आ रहा है, वहां वाहन चालकों की लंबी कतारें लग रही हैं। लोग अपनी गाड़ियों में जरूरत से ज्यादा पेट्रोल भरवाने की होड़ में लगे हैं, जिससे अव्यवस्था और बढ़ती जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, नागपुर में हाल ही में रसोई गैस की किल्लत के बाद अब पेट्रोल और डीजल को लेकर भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। हालांकि, प्रशासन ने इस स्थिति को लेकर स्पष्ट किया है कि, जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि, वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन भरवाएं। बावजूद बेसा क्षेत्र के कई पेट्रोल पंपों पर ‘नो स्टॉक’ के बोर्ड दिखाई दे रहे हैं। इससे लोगों में भ्रम फैल रहा है। कुछ पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा जानकारी दी जा रही है कि, रात के समय पेट्रोल की आपूर्ति फिर शुरू हो सकती है।

गाड़ी को धक्का देकर ले जाने की मजबूरी

इस असमंजस की स्थिति का सबसे ज्यादा खामियाजा उन वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है, जिन्हें वास्तव में पेट्रोल की जरूरत है। कई लोग अपनी गाड़ियों को धक्का देकर ले जाने पर मजबूर हो रहे हैं, क्योंकि उन्हें समय पर ईंधन नहीं मिल पा रहा है। वहीं, कुछ लोग एहतियात के तौर पर पहले से ही टैंक फुल करवा रहे हैं, जिससे सप्लाई पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। पंपों पर पेट्रोल नहीं होने के कारण पेट्रोल भरने वाले कर्मचारी भी सुस्त बैठे हुए नजर आ रहे हैं।

बाजार पर असर : विशेषज्ञों का मानना है कि, इस तरह की अफवाहें बाजार में कृत्रिम संकट पैदा कर देती हैं। जब लोग बिना जरूरत के अधिक मात्रा में पेट्रोल खरीदते हैं, तो अस्थायी रूप से कमी महसूस होने लगती है, जबकि वास्तविकता में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध होता है। प्रशासन और संबंधित विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के प्रयास कर रहे हैं। नागरिकों से अपील की जा रही है कि वे संयम बरतें, अफवाहों से बचें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल का उपयोग करें, ताकि सभी को समान रूप से सुविधा मिल सके।

Created On :   27 March 2026 5:29 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story