- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नायरा एनर्जी ने पेट्रोल डीजल के दाम...
विवाद: नायरा एनर्जी ने पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ाए, वितरकों ने दी आंदोलन की चेतावनी, पेट्रोल 5 और डीजल 3 रुपए महंगा

Nagpur News. निजी क्षेत्र की प्रमुख तेल कंपनी नयारा एनर्जी लिमिटेड ने देश भर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भारी वृद्धि कर विवाद खड़ा कर दिया है। कंपनी ने तत्काल प्रभाव से पेट्रोल 5 रुपए और डीजल 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। इससे डीलरों ने आंदोलन और डिपो ठप करने की चेतावनी दी है। अब नागपुर में नयारा के पंप पर पेट्रोल 109.57 रुपए और डीजल 93.87 रुपए प्रति लीटर हो गया है। 25 मार्च को नयारा के पंप पर पेट्रोल के दाम 104.57 रुपए और डीजल के दाम 90.87 रुपए प्रति लीटर थे।
यह भी पढ़े -देर रात हुई बूंदाबांदी, दोपहर को लगने लगे धूप के चटके, 29 मार्च से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना
मनमाना फैसला है : इस फैसले के खिलाफ "ऑल इंडिया नयारा डीलर्स वेलफेयर एसोसिएशन' ने मोर्चा खोल दिया है। एसोसिएशन ने इस फैसले को "मनमाना और एकतरफा' बताते हुए कड़ी निंदा की है। नयारा के डीलर और एसोसिएशन के सचिव रोहित झमनानी के अनुसार यह निर्णय लेते समय डीलरों से किसी भी तरह का विचार-विमर्श नहीं किया गया। इस भारी वृद्धि से ग्राहकों में भारी आक्रोश है। बिना किसी पूर्व सूचना के दाम बढ़ाने से डीलरों के निवेश और वित्तीय स्थिति पर बुरा असर पड़ रहा है।
नागपुर में 52 डीलर : नायरा कंपनी के विदर्भ में 300 से ज्यादा डीलर हैं, वहीं नागपुर में 52 पेट्रोल पंप हैं। रोहित ने बताया कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने के कारण अब पंप पर ईंधन के लिए आने वाले ग्राहक काफी कम हो गए हैं। यदि कंपनी जल्द ही यह निर्णय वापस नहीं लेती है, तो नयारा के डीलर्स संकट में आ जाएंगे।
डिपो बंद करने की चेतावनी : ऑल इंडिया नयारा डीलर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि इस अनुचित मूल्य वृद्धि को तुरंत वापस नहीं लिया गया, तो वे उग्र आंदोलन को मजबूर होंगे। देश के प्रमुख सप्लाई डिपो पर कामकाज ठप कर देंगे। विदर्भ में नयारा का डिपो वर्धा जिले में है। एसोसिएशन ने कहा है कि भविष्य में डीलरों के व्यापार और निवेश को प्रभावित करने वाला कोई भी बड़ा निर्णय लेने से पहले एसोसिएशन के साथ परामर्श अनिवार्य किया जाए।
Created On :   27 March 2026 4:31 PM IST










