- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- फडणवीस ने कहा - आपूर्ति और मांग के...
घबराएं नहीं: फडणवीस ने कहा - आपूर्ति और मांग के बीच तालमेल बिगड़ने से दिख रही अड़चन, पेट्रोलियम पदार्थों का पर्याप्त भंडार

Nagpur News. पेट्रोल-डीजल की किल्लत को केवल अफवाहों का परिणाम ठहराते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि लोगों को इस मामले में किसी भी तरह से घबराने की आवश्यकता नहीं है। आपूर्ति व मांग के बीच तालमेल बिगड़ने से पेट्रोल-डीजल के मामले में अड़चन देखने को मिल रही है। वास्तव में पेट्रोलियम पदार्थों का पर्याप्त भंडार है। लोगों को इन पदार्थों का भंडारण करने की आवश्यकता नहीं है।
अफवाह के कारण लग रही कतारें : मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इन मामलों में कालाबाजार में लिप्त लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। गुरूवार को मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गैस सिलेंडर व पेट्रोल डीजल का पर्याप्त भंडार है। लोग न घबराएं। लोगों के बीच अफवाह के कारण पेट्रोल पंपों पर वाहनों की कतार लग रही है। यह ठीक नहीं है। पेट्रोल डीजल का कालाबाजार करने वालों को सजा के लिए आदेश दिया गया है। इसके अलावा खाद-बीज पर भी कोई प्रभाव नहीं है। खाद-बीज की कालाबाजारी करनेवालों पर कार्रवाई की जाएगी।
106 में से 35 पेट्रोल पंप ‘ड्राई’- बैंक बंद रहने से कई डीलर नहीं कर सके एडवांस पेमेंट
शहर में पेट्रोल-डीजल को लेकर पिछले चार दिनों से जारी पैनिक बाइंग के बीच गुरुवार को हालात में आंशिक राहत देखने को मिली। सुबह करीब 10 बजे तक शहर के कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। शाम तक स्थिति सामान्य होती नजर आई। गुरुवार को रामनवमी के अवकाश के कारण भी असर पेट्रोल पंपों पर दिखाई दिया।
सप्लाई प्रभावित : आंशिक सुधार के बावजूद शहर के कुल 106 पेट्रोल पंपों में से करीब 35 पंप गुरुवार को भी ‘ड्राई’ रहे, जिससे वाहन चालकों को दूसरे पंपों की ओर रुख करना पड़ा। पेट्रोल पंप संचालकों के अनुसार तेल कंपनियों को ईंधन की आपूर्ति के लिए पहले एडवांस पेमेंट करना होता है। रामनवमी के कारण बैंक बंद रहने से कई डीलर भुगतान नहीं कर सके, जिसके चलते कुछ पंपों पर ईंधन की सप्लाई प्रभावित हुई और वे दिनभर बंद रहे।
पैनिक बाइंग कम होने से राहत : गुप्ता
महाराष्ट्र पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित गुप्ता ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में अफवाहों के कारण पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ गई थी, जिससे कई जगह स्टॉक जल्दी खत्म हो गया। हालांकि गुरुवार को पैनिक बाइंग में कमी आई है।
Created On :   27 March 2026 4:56 PM IST










