- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- वीसीए पर होगा बाॅर्डर-गावस्कर...
वीसीए पर होगा बाॅर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का पहला टेस्ट मैच- 3 वर्ष बाद 5 दिवसीय मुकाबला

Nagpur News. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने पुरुष क्रिकेट टीम के वर्ष 2026-27 में घरेलू मैदान पर होने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। गुरुवार को जारी कार्यक्रम के अनुसार नागपुर को बाॅर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (टेस्ट सीरीज) के पहले मैच की मेजबानी सौंपी गई है। यह मैच 21 जनवरी 2027 से वीसीए जामठा में खेला जाएगा। जामठा मैदान पर आखिरी टेस्ट मैच वर्ष 2023 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तहत ही खेला गया था। उस मैच में भारत ने मेहमान टीम को पारी और 132 रन के बड़े अंतर से शिकस्त दी थी।
टेस्ट में भारत का पलड़ा भारी
वर्ष 2008 में बनकर तैयार होने के बाद वीसीए जामठा मैदान पर हमेशा ही भारत का टेस्ट मैच में पलड़ा भारी ही रहा। यहां पहला मैच 2008 में भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच ही खेला गया था, जिसमें मेजबान टीम ने 172 रन से जीत हासिल की थी। हालांकि दूसरे टेस्ट मैच में यहां भारत को दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध पारी और 6 रन से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद भारत ने न्यूजीलैंड को पारी और 198 रन के बड़े अंतर से पराजित कर वापसी की। यहां पर चौथा टेस्ट भारत-इंग्लैंड के बीच खेला गया, जो बराबरी पर समाप्त हुआ।
यह भी पढ़े -शोभायात्रा में खाटू श्याम के पौराणिक प्रसंग ने खींचा श्रद्धालुओं का ध्यान - आकर्षक झांकी ने मन मोहा
वर्ष 2015 में दक्षिण अफ्रीकी टीम दोबारा नागपुर में टेस्ट मैच खेलने आई, लेकिन इस बार भारत ने बदला चुकता करते हुए उसे 124 रन से पराजित कर दिया। वर्ष 2017 में जामठा ने श्रीलंका की मेजबानी की। भारत ने मैच को बड़ी आसानी से पारी और 239 रन के अंतर से जीत लिया। आखिरी बार इस मैदान पर वर्ष 2023 में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का मैच खेला गया, जिसमें भारत ने ऑस्ट्रेलिया को पारी और 132 रन से मात दे दी।
बीसीसीआई ने 21 जनवरी 2027 से शुरू होने वाले मैच की मेजबानी सौंपी
सत्र में 22 अंतरराष्ट्रीय मैच होंगे : बाेर्ड द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम चार देशों के खिलाफ 17 जगहों पर 22 अंतरराष्ट्रीय मैच खलेगी। भारत के 2026-27 होम सीजन के जारी कैलेंडर में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पांच टेस्ट मैच अहम होंगे। इस टेस्ट सीरीज का पहला मैच नागपुर में 21-25 जनवरी के दौरान खेला जाएगा। इसके अलावा चेन्नई, गुवाहाटी, रांची और अहमदाबाद अन्य चार मैच की मेजबानी करेगा।
कैलेंडर का आगाज वेस्टइंडीज सीरीज से : टीम इंडिया का यह साल काफी व्यस्त रहने वाला है। चार देशों की टीमें द्विपक्षीय सीरीज खेलने भारत पहुंच रही हैं। दौरे का आगाज वेस्टइंडीज (27 सितंबर-17 अक्टूबर) से होगा। उसके बाद श्रीलंका (13-27 दिसंबर), जिम्बाब्वे (3-9 जनवरी) और आखिर में ऑस्ट्रेलिया (21 जनवरी-7 मार्च) की टीम भारत में अपनी चुनौती पेश करेगी। जिम्बाब्वे की टीम पूरे 24 साल बाद भारत में द्विपक्षीय सीरीज खेलने उतरेगी।
Created On :   27 March 2026 4:06 PM IST









