असर: तेल - एलपीजी संकट के बीच अब महामार्गों पर वाहनों की संख्या में आने लगी है गिरावट

तेल - एलपीजी संकट के बीच अब महामार्गों पर वाहनों की संख्या में आने लगी है गिरावट
  • ट्रकों का ट्रैफिक 20- 40% व निजी वाहन 15-20% तक घटे
  • किल्लत की अफवाह से बिगड़े थे हालात

Nagpur News. उपराजधानी में पेट्रोल-डीजल किल्लत की अफवाहों और एलपीजी संकट का असर हाईवे ट्रैफिक पर भी दिखाई देने लगा है। पिछले चार दिनों में नागपुर जिले की सीमा के भीतर स्थित प्रमुख टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई है। टोल प्लाजा से जुड़े सूत्रों के अनुसार ट्रक और अन्य कमर्शियल वाहनों की आवाजाही में 20 से 40 प्रतिशत तक कमी आई है। निजी वाहनों का ट्रैफिक भी 15 से 20% तक घटा है। जानकारों का कहना है कि ईंधन की उपलब्धता को लेकर बनी अनिश्चितता, उद्योगों में उत्पादन घटने और लंबी दूरी की यात्राएं टालने के कारण यह स्थिति बनी है।

ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर पड़ा है बुरा असर

हरप्रीत सिंह, ट्रांसपोर्टर के मुताबिक एलपीजी संकट से उत्पादन प्रभावित हुआ है। इसका असर ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर भी पड़ा हैं। कई कंपनियों से माल नहीं निकल रहा है, जिससे ट्रकों की आवाजाही भी घट गई है। पिछले कुछ दिनों में कई ट्रिप रद्द करनी पड़ी हैं।

कारोबार प्रभावित

वसीम शेख, टोल ऑपरेटर के मुताबिक मार्च का महीना टोल प्लाजा के कारोबार में सीजन का दौर होता है। सामान्य महीनों की तुलना में इस माह वाहनों की आवाजाही अधिक होती है। इस बार हालात बदले हैं। कुछ हफ्तों से हाईवे पर ट्रकों की आवाजाही में कमी आई है। निजी वाहनों की संख्या भी घटी है। औद्योगिक क्षेत्रों में उत्पादन घटने का असर माल ढुलाई पर पड़ा है। पेट्रोल-डीजल को लेकर फैला डर भी एक कारण हो सकता है। जल्द स्थिति सामान्य नहीं हुई तो टोल कलेक्शन बुरी तरह प्रभावित होगा।


Created On :   27 March 2026 4:46 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story