- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- भुजबल की केन्द्र सरकार से मांग -...
दिल्ली में बैठक: भुजबल की केन्द्र सरकार से मांग - महाराष्ट्र में पीएनजी नेटवर्क विस्तार के लिए तकनीकी और वित्तीय मदद दें

New Delhi News. महाराष्ट्र के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण मंत्री छगन भुजबल ने राज्य में पीएनजी आपूर्ति नेटवर्क को तेजी से बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार से तकनीकी मदद के साथ-साथ विशेष वित्तीय कोष मुहैया कराने की मांग की। यहां विज्ञान भवन में शनिवार को आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में हिस्सा लेते हुए भुजबल ने पीएनजी बढ़ाने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी दी। केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में केंद्रीय खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी समेत संबंधित विभाग के आला अधिकारी शामिल रहे।
यह भी पढ़े -सोनवणे ने कहा - बीड को सूखा-मुक्त बनाने उजनी का पानी मंजारा डैम में लाए, किसानों को समय पर मिले मदद
बैठक में छगन भुजबल ने बताया कि महाराष्ट्र सरकार शहरों में एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल कम करने और पीएनजी नेटवर्क को बढ़ाने के लिए सख्त और गतिशील कदम उठा रही है। होटल, रेस्टोरेंट और छोटे उद्योगों के लिए पीएनजी का इस्तेमाल बढ़ाना जरूरी है, जिससे लागत कम होगी और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प मिलेगा। पश्चिम एशिया में युद्ध की पृष्ठभूमि में ईंधन आपूर्ति पर पड़ने वाले असर के बारे में चर्चा करते हुए मंत्री भुजबल ने साफ किया कि राज्य में रिफाइनरियों में काफी स्टॉक मौजूद है और प्रोपेन और ब्यूटेन का इस्तेमाल बढ़ाकर एलपीजी की कमी न हो, इसका ध्यान रखा जा रहा है।
Created On :   28 March 2026 10:24 PM IST






