- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- महाराष्ट्र सरकार का बड़ा कदम - अब...
अमेरिका-ईरान जंग का असर: महाराष्ट्र सरकार का बड़ा कदम - अब पीएनजी कनेक्शन बढ़ाने पर जोर, नियम-शर्तों में राज्य सरकार ने ढील दी

Mumbai/New Delhi News. ईरान पर अमेरिका व इजराइल के हमले के चलते खाड़ी देशो में विषम हालात हैं। इससे आनेवाले महीनों में एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। इस चुनौती से निपटने के लिए राज्य सरकार प्रदेश में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति बढ़ाने और ग्राहकों को शीघ्र कनेक्शन उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीएनजी आपूर्ति पाइपलाइन बिछाने के लिए नियम-शर्तों में ढील दी गई है। इस बाबत शासनादेश जारी किया गया है। प्रदेश के शहरों में बड़े पैमाने पर पीएनजी पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू है। महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) के माध्यम से पीएनजी पाइपलाइन तेजी से बिछाई जाएगी। इसके बाद शहरों में एलपीजी गैस सिलेंडर का भार कम हो जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक है। एलपीजी सिलेंडर भी बुकिंग करानेवालों को मुहैया कराए जा रहे हैं। कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 70 प्रतिशत तक की गई है। फडणवीस ने बताया कि शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की थी। इसमें प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ लोग जान-बूझकर लॉकडाउन का भ्रम फैला रहे हैं। यह एक तरीके से देशद्रोह है। पीएम मोदी ने स्पष्ट किया है कि लॉकडाउन नहीं लगेगा। राज्य में लॉकडाउन की झूठी खबरें फैलानेवालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
यह भी पढ़े -मुंबई इंडियंस के कोच महेला जयवर्धने को हार्दिक पांड्या की कप्तानी पर भरोसा, बताया बेहतरीन ऑलराउंडर
24 घंटे में मिलेगी मंजूरी
राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने नई दिल्ली में कहा कि पीएनजी पाइपलाइन बिछाने के लिए मंजूरी प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी। विभिन्न विभागों से आवश्यक अनुमतियां 24 घंटे के भीतर स्वतः स्वीकृत मानी जाएंगी। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों-मनोहर लाल खट्टर, हरदीप सिंह पुरी और प्रह्लाद जोशी से चर्चा की है। भुजबल ने कहा, पीएनजी फिलहाल सस्ती है और इसका अधिकतम इस्तेमाल किया जाना चाहिए। उन्होंने राज्य में पीएनजी आपूर्ति नेटवर्क बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार से तकनीकी मदद के साथ विशेष वित्तीय कोष मुहैया कराने का अनुरोध किया।
सड़क खोदने की अनुमति देंगे
मुंबई मनपा (बीएमसी) आयुक्त भूषण गगरानी ने दैनिक भास्कर को बताया कि रसोई गैस आपूर्ति में परेशानी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने बैठक बुलाई थी। फडणवीस ने पीएनजी कनेक्शन से जुड़ीं सभी अनुमतियां तत्काल देने का निर्देश दिया है। जरूरत अनुसार मनपा प्रशासन आरसीसी सड़कों (सीमेंटेड) की खुदाई की मंजूरी भी देगा।
Created On :   28 March 2026 8:49 PM IST






