मुंबई इंडियंस के कोच महेला जयवर्धने को हार्दिक पांड्या की कप्तानी पर भरोसा, बताया बेहतरीन ऑलराउंडर

मुंबई इंडियंस के कोच महेला जयवर्धने को हार्दिक पांड्या की कप्तानी पर भरोसा, बताया बेहतरीन ऑलराउंडर
मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने ने कप्तान हार्दिक पांड्या की कप्तानी और खेल में हुए सुधार की जमकर तारीफ की है। आईपीएल 2026 में मुंबई अपने अभियान की शुरुआत 29 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ करेगी।

मुंबई, 28 मार्च (आईएएनएस)। मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने ने कप्तान हार्दिक पांड्या की कप्तानी और खेल में हुए सुधार की जमकर तारीफ की है। आईपीएल 2026 में मुंबई अपने अभियान की शुरुआत 29 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ करेगी।

जयवर्धने ने मुंबई इंडियंस की वेबसाइट पर जारी किए बयान में कहा, "मैं हार्दिक से पहली बार 2017 में मिला था। वह युवा थे, उनमें कच्ची प्रतिभा थी और बहुत ज्यादा ऊर्जा थी। यही बात मुझे हार्दिक में हमेशा से पसंद आई है। आज भी खेल के प्रति उनकी ऊर्जा वैसी ही है। उन्हें क्रिकेट के खेल से बहुत अधिक लगाव है और वह इसके बारे में बहुत बातें करते हैं। मैं आठ साल से मुंबई इंडियंस के साथ हूं और एक लीडर के तौर पर उनका विकास, मैदान पर उनकी समझदारी, और जिस तरह से वह बेहतर हुए हैं—शायद व्हाइट-बॉल क्रिकेट के सबसे बेहतरीन ऑलराउंडर्स में से एक—यह देखना कमाल है।”

अपने दस साल लंबे करियर के दौरान चोटों और वर्कलोड की वजह से पांड्या को जिन मुश्किलों का सामना करना पड़ा, उन पर बात करते हुए महेला ने कहा, "हालांकि बाद में हार्दिक को जो चोटें लगीं उससे उनके शरीर पर बुरा असर पड़ा, क्योंकि वह टेस्ट क्रिकेट भी खेल रहे थे। काम के बोझ को मैनेज करने के लिए उन्हें बहुत कुछ करना पड़ा। अब वह इस बात को समझते हैं और हमारे पास उनके काम के बोझ को संभालने का एक तय तरीका है। जब कोई खिलाड़ी अपने करियर के उस अहम पड़ाव पर पहुंच जाता है तो उसे मैनेज करना जरूरी होता है।"

उन्होंने आगे कहा, “उनकी स्किल्स और काम करने की लगन आज भी जबरदस्त है। ट्रेनिंग हो या सीजन के दौरान और उसके बाद भी वह अपनी फिटनेस पर काम करते रहते हैं। एक इंसान और एक खिलाड़ी के तौर पर जिस तरह से वह बेहतर हुए हैं उसे देखकर अच्छा लगता है।" जयवर्धने ने कहा कि सीजन के पहले मैच के लिए प्लेइंग इलेवन चुनना और टीम में गहराई बनाए रखना चुनौतीपूर्ण है। जयवर्धने ने कहा कि टीम में कई अच्छे विकल्प होने चाहिए, ताकि चोट या अलग परिस्थितियों में खिलाड़ी खेल सकें। उन्होंने बताया कि अनुभवी खिलाड़ियों का होना भी टीम के लिए बहुत फायदेमंद होता है।

हार्दिक की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने पिछले सीजन में जोरदार वापसी करते हुए प्लेऑफ में जगह बनाई थी, हालांकि टीम को दूसरे क्वालिफायर में पंजाब किंग्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस इस सीजन में फिर से ट्रॉफी जीतने की कोशिश करेगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   28 March 2026 7:50 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story