Mumbai News: 30 दिन में 50 प्रतिशत मुनाफे का झांसा देकर 1 करोड़ रुपये ठगे

30 दिन में 50 प्रतिशत मुनाफे का झांसा देकर 1 करोड़ रुपये ठगे
  • ट्रेड प्रॉफिट फंड के नाम पर निवेश का जाल
  • बीकेसी में सर्टिफिकेट देने का बहाना
  • एलटी मार्ग पुलिस ने दर्ज किया मामला

Mumbai News मुंबई में निवेश पर 30 दिन में 50 फीसदी रिटर्न का लालच देकर 1 करोड़ रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ठगों ने पहले पीड़ित का भरोसा जीतने के लिए करोड़ों रुपये के निवेश की फर्जी रसीदें दिखाईं, फिर ₹50 के नोट पर हस्ताक्षर करवाकर उसे सुरक्षा गारंटी बताया और नकदी लेकर फरार हो गए। मामले में एलटी मार्ग पुलिस ने मुख्य आरोपी शुभम राउत समेत आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

30 दिन में 1.50 करोड़ लौटाने का वादा

पुणे के हिंजवडी निवासी बी.कॉम ग्रेजुएट युवक की मुलाकात मई 2026 में शुभम राउत से हुई। शुभम ने खुद को 'ट्रेड प्रॉफिट फंड' का संचालक बताते हुए दावा किया कि 1 करोड़ रुपये निवेश करने पर सिर्फ 30 दिन में 1.50 करोड़ रुपये वापस मिलेंगे।

भरोसा दिलाने के लिए आरोपियों ने मुंबई के बोरीवली स्थित स्काय सिटी मॉल में बैठक की और करोड़ों रुपये के निवेश की कथित रसीदें दिखाईं। साथ ही यह भी कहा कि निवेश के लिए आरबीआई का इन्वेस्टमेंट सर्टिफिकेट और नो-क्लेम सर्टिफिकेट जारी कराया जाएगा।

₹50 के नोट को बताया सुरक्षा गारंटी

25 मई को आरोपियों ने पीड़ित को कालबादेवी बुलाया। वहां एक कूरियर कार्यालय में 1 करोड़ रुपये नकद गिनकर अपने कब्जे में ले लिए। इसके बदले एक रसीद और ₹50 के नोट पर हस्ताक्षर कर उसे सुरक्षा गारंटी बताया गया। आरोपियों ने कहा कि यही नोट दिखाने पर पूरी राशि वापस मिल जाएगी।इसके बाद पीड़ित को बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) स्थित कार्यालय से सर्टिफिकेट लेने भेज दिया गया।

बीकेसी पहुंचते ही बंद हो गए सभी फोन

पीड़ित के बीकेसी पहुंचते ही सभी आरोपियों के मोबाइल फोन बंद हो गए। जब वह वापस कालबादेवी पहुंचा तो कूरियर कार्यालय भी बंद मिला। बाद में संपर्क करने पर आरोपियों ने पैसे लौटाने के बजाय 1 से 2 करोड़ रुपये और निवेश करने का दबाव बनाया।

इन आरोपियों पर केस

पुलिस ने शुभम राउत, तन्वेश पाटिल, राजेंद्र सिंह, प्रकाश कदम, दुबे और तीन अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।


Created On :   11 July 2026 7:09 PM IST

Tags

Next Story