विधानसभा: राज्य में सड़कों के किनारे अब लगेंगे देशी पेड़, स्थानीय प्रजातियों को मिलेगी प्राथमिकता

राज्य में सड़कों के किनारे अब लगेंगे देशी पेड़, स्थानीय प्रजातियों को मिलेगी प्राथमिकता
  • विधानसभा में पीडब्ल्यूडी मंत्री शिवेंद्रसिंहराजे भोसले ने की घोषणा
  • पेड़ लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण और रखरखाव पर भी विशेष ध्यान

Mumbai News. राज्य सरकार अब सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की सड़कों के किनारे होने वाले वृक्षारोपण में स्थानीय और देशी प्रजातियों के पेड़ों को प्राथमिकता देगी। साथ ही पेड़ लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण और रखरखाव पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। यह घोषणा पीडब्ल्यूडी मंत्री शिवेंद्रसिंहराजे भोसले ने शुक्रवार को विधानसभा में की। प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक सुरेश धस के सवाल का जवाब देते हुए मंत्री भोसले ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ता तापमान, अनियमित बारिश और भूजल स्तर में गिरावट जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए पर्यावरण संरक्षण जरूरी है। इसलिए सड़क परियोजनाओं में वृक्षारोपण को अनिवार्य और प्रभावी बनाया जाएगा।

भोसले ने कहा कि अब हर क्षेत्र की जलवायु और भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार उसी क्षेत्र की देशी प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। इन पौधों की खरीद स्थानीय नर्सरियों से की जाएगी, जिससे जैव विविधता को बढ़ावा मिलेगा और पेड़ों के जीवित रहने की संभावना भी अधिक होगी। मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें बड़ा करना है। इसके लिए नियमित सिंचाई, देखभाल, छंटाई और निगरानी की व्यवस्था की जाएगी। वृक्षारोपण और संरक्षण के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है। भोसले ने बताया कि इस अभियान में पर्यावरण क्षेत्र में काम करने वाली स्वयंसेवी संस्थाओं को भी जोड़ा जाएगा, ताकि उनके अनुभव का लाभ मिल सके और वृक्षारोपण अधिक प्रभावी व टिकाऊ बन सके।

Created On :   10 July 2026 7:52 PM IST

Tags

Next Story