विधान परिषद: मुंबई समेत राज्य भर के मॉल में प्रत्येक वर्ष फायर ऑडिट करना होगा अनिवार्य, कैबिनेट मंत्री उदय सामंत ने की घोषणा

मुंबई समेत राज्य भर के मॉल में प्रत्येक वर्ष फायर ऑडिट करना होगा अनिवार्य, कैबिनेट मंत्री उदय सामंत ने की घोषणा
  • बच्चे घर से पैसे चुराकर गेम खेलते हैं- अमित गोरखे
  • मॉल के गेमिंग जोन में बच्चों की सुरक्षा की जाएगी सुनिश्चित

Mumbai News. मुंबई, पुणे, नागपुर समेत राज्य भर के मॉल में अब प्रत्येक वर्ष फायर ऑडिट करना अनिवार्य होगा। इसके लिए संबंधित कानून में संशोधन किया जाएगा। विधान परिषद में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री उदय सामंत ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि अभी दो सालों में एक बार मॉल मालिकों को फायर ऑडिट करना पड़ता है। लेकिन मॉल के गेमिंग जोन में बच्चों समेत सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक वर्ष में एक बार फायर ऑडिट करना अनिवार्य किया जाएगा। गुरुवार को सदन में भाजपा विधायक उमा खापरे ने मुंबई के मॉल में स्थित गेमिंग जोन में अग्निसुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने का मुद्दा उठाया। खापरे ने कहा कि मॉल में बच्चों को गेमिंग जोन में छोड़कर उनकी मां शॉपिंग करने चली जाती हैं। कम आयु के बच्चों के लिए गेमिंग जोन खतरनाक है। इसके जवाब में सामंत ने कहा कि फायर ऑडिट के बारे में तृतीय पक्ष ( थर्ड-पार्टी ) से भी औचक निरीक्षण किया जाएगा।

मुंबई में 68 मॉल

सामंत ने बताया कि मुंबई में 68 मॉल हैं। जिसमें से 47 मॉल में अग्निसुरक्षा मानकों का पालन होता है। जबकि 18 मॉल को अग्निसुरक्षा का पालन नहीं होने के संबंध में नोटिस दी गई थी। जिसके बाद सभी 18 मॉल मालिकों ने अग्निसुरक्षा की खामियों को दूर कर लिया है।इस बीच सामंत ने बताया कि मुंबई में तीन मॉल बंद हैं।

बच्चे घर से पैसे चुराकर गेम खेलते हैं- अमित गोरखे

सदन में भाजपा विधायक अमित गोरखे ने कहा कि कई बच्चे स्कूल छोड़कर गेमिंग जोन में घंटों गेम खेलते हैं। कई बच्चे घर से पैसे चुराकर गेम खेलने के लिए जाते हैं। इसके जवाब में सामंत ने कहा कि बच्चे गेम खेलने के लिए पैसे कहां से लाते हैं ? इस बारे में सरकार जांच नहीं कर सकती है। लेकिन मॉल में बच्चों की सुरक्षा के लिए आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

Created On :   9 July 2026 10:14 PM IST

Tags

Next Story