विधान परिषद: डहाणु और जव्हार एसटी बस डिपो में 30 नई बसें उपलब्ध कराई जाएंगी, परिवहन मंत्री सरनाईक ने की घोषणा

डहाणु और जव्हार एसटी बस डिपो में 30 नई बसें उपलब्ध कराई जाएंगी, परिवहन मंत्री सरनाईक ने की घोषणा
  • एसटी शराबबंदी अभियान के ब्रांड एंबेसडर होंगे प्रसाद लाड
  • एसटी बसों के हादसे में 815 लोगों की मौत
  • विप में राज्य के परिवहन मंत्री सरनाईक ने की घोषणा

Mumbai News. पालघर के डहाणु और जव्हार एसटी बस डिपो को एक महीने में 30 नई बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। बुधवार को विधान परिषद में प्रदेश के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने यह घोषणा की। प्रश्नकाल में भाजपा विधायक निरंजन डावखरे ने डहाणु और जव्हार के एसटी डिपो में बसें उपलब्ध कराने को लेकर सवाल पूछा था। इसके जवाब में सरनाईक ने कहा कि डहाणु और जव्हार डिपो में 30 बसें एक महीने में उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके बाद जरूरत पड़ी तो अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी। सरनाईक ने बताया कि एसटी महामंडल ने अभी तक राज्य भर के लिए 2 हजार 640 डीजल बसों को खरीदा है। चरणबद्ध तरीके से कुल 8 हजार 300 नई बसें खरीदी जाएंगी।

एसटी बसों के हादसे में 815 लोगों की मौत

सरनाईक ने बताया कि अप्रैल 2024 से जनवरी 2026 के बीच एसटी महामंडल की बसों 6 हजार 820 हादसे हुए थे। जिसमें से 4 हजार 281 हादसों में एसटी महामंडल के ड्राइवर जिम्मेदार पाए गए हैं। जिसमें से दोषी ड्राइवरों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इन हादसों में 815 लोगों की मौत हुई है। जिसमें एसटी बसों में सवार 67 यात्रियों की मौत हुई। 19 एसटी कर्मी मृत हुए हैं। जबकि 167 पैदल चलने वाले यात्रियों ने जान गंवाई हैं। वहीं एसटी बसों के हादसे में दूसरे वाहनों के 562 लोगों की मौत हुई है।

एसटी शराबबंदी अभियान के ब्रांड एंबेसडर होंगे प्रसाद लाड

सदन में भाजपा प्रसाद लाड ने कहा कि एसटी के ड्राइवरों और कंडक्टरों के खिलाफ शराब पीने की शिकायतें मिलती हैं। इसलिए एसटी महामंडल को शराब मुक्त बनाने के लिए कोई योजना लागू की जाएगी क्या ? इसके जवाब में परिवहन मंत्री सरनाईक ने कहा कि भाजपा विधायक लाड को ही एसटी महामंडल के शराबबंदी अभियान का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया जाएगा।

Created On :   8 July 2026 10:30 PM IST

Tags

Next Story