बड़ा लक्ष्य: धारावी पुनर्विकास केवल आवास योजना नहीं, मुंबई की आर्थिक तस्वीर बदलने वाला प्रोजेक्ट - फडणवीस

धारावी पुनर्विकास केवल आवास योजना नहीं, मुंबई की आर्थिक तस्वीर बदलने वाला प्रोजेक्ट - फडणवीस
  • स्वास्थ्य सेवाओं और डिजिटल प्रशासन को मिलेगा बढ़ावा
  • नरीमन पॉइंट से भाईंदर तक सिग्नल-फ्री कनेक्टिविटी
  • 2030 तक मुंबई महानगर क्षेत्र में 7.8 लाख नए घरों का लक्ष्य

Mumbai News. मुख्यमंत्री ने कहा कि धारावी पुनर्विकास परियोजना केवल झुग्गी पुनर्वास योजना नहीं बल्कि मुंबई की आर्थिक संरचना को बदलने वाली परियोजना है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत लगभग 9.5 करोड़ वर्ग फुट क्षेत्र का विकास किया जाएगा। पात्र निवासियों को धारावी में ही 350 वर्ग फुट का घर मिलेगा। वर्ष 2011 तक पात्रता के दायरे में आने वाले अन्य निवासियों को निर्धारित 2.5 लाख रुपये का शुल्क देकर पुनर्वास का लाभ मिलेगा। जो पात्र नहीं होंगे उन्हें भी दूर नहीं भेजा जाएगा बल्कि आसपास के क्षेत्रों में पुनर्वास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अगले 18 महीनों में परियोजना के पहले चरण के तहत लगभग 10 हजार घर तैयार करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। धारावी भविष्य में मुंबई की आर्थिक वृद्धि का प्रमुख केंद्र बनेगा और यहां की अनौपचारिक अर्थव्यवस्था को संगठित क्षेत्र में लाने में मदद मिलेगी। मुंबई के नियोजित शहरी विकास के लिए सरकार ने 19 क्लस्टर पुनर्विकास परियोजनाओं की पहचान की है। पहले क्लस्टर पर काम शुरू हो चुका है। इससे पुराने और जर्जर भवनों का बड़े पैमाने पर पुनर्विकास होगा तथा नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार आएगा।

नरीमन पॉइंट से भाईंदर तक सिग्नल-फ्री कनेक्टिविटी

मुख्यमंत्री ने बताया कि दक्षिण मुंबई के नरीमन पॉइंट से भाईंदर तक जोड़ने वाली कोस्टल रोड परियोजना अक्टूबर 2027 तक पूरी होने की संभावना है। इसके बाद दोनों क्षेत्रों के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। प्रवासी बगैर सिग्नल लगे यात्रा कर सकेंगे।

आधुनिक पार्किंग और कचरा प्रबंधन पर जोर

फडणवीस ने बताया कि मुंबई में पार्किंग संकट दूर करने के लिए 640 कारों और 112 दोपहिया वाहनों की क्षमता वाला भूमिगत रोबोटिक पार्किंग प्लाजा विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा एक और भूमिगत पार्किंग परियोजना प्रस्तावित है। ये पार्किंग खेल मैदान के नीचे बनेंगी।

स्वास्थ्य सेवाओं और डिजिटल प्रशासन को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 महामारी से मिले अनुभवों के आधार पर मुंबई में स्वास्थ्य ढांचे का विस्तार किया जा रहा है। सरकार लगभग 8 हजार नए अस्पताल बिस्तर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। साथ ही हॉस्पिटल मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम लागू किया गया है, जिससे विभिन्न अस्पतालों में मरीजों का चिकित्सा रिकॉर्ड डिजिटल रूप से उपलब्ध रहेगा।

2030 तक मुंबई महानगर क्षेत्र में 7.8 लाख नए घरों का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने 2030 तक मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में 7.8 लाख आवासों के निर्माण का लक्ष्य रखा है। इनमें से 2.39 लाख से अधिक घरों का निर्माण शुरू हो चुका है, जबकि 5.43 लाख आवासों की योजना विभिन्न चरणों में है।

इंदु मिल और ठाकरे स्मारक का काम जल्द होगा पूरा

फडणवीस ने कहा कि इंदु मिल में बन रहे बाबासाहेब आंबेडकर के स्मारक का काम पूरा हो गया है। सिर्फ सजावट का काम बाकी है। जबकि बालसाहेब ठाकरे स्मारक का काम भी अगले वर्ष तक पूरा हो जाएगा।

Created On :   8 July 2026 10:19 PM IST

Tags

Next Story