विधानसभा: फडणवीस के जन्मदिन पर हर विधानसभा क्षेत्र में लगेगा महाराजस्व महा शिविर, 10 लाख परिवारों को मिलेगा सीधा लाभ

फडणवीस के जन्मदिन पर हर विधानसभा क्षेत्र में लगेगा महाराजस्व महा शिविर, 10 लाख परिवारों को मिलेगा सीधा लाभ
  • 22, 25 या 26 जुलाई को आयोजित होंगे शिविर
  • शिविर आयोजित करने के लिए तीन तिथियां तय की गई

Mumbai News. राज्य सरकार 'छत्रपति शिवाजी महाराज महाराजस्व अभियान' के तहत राज्य के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक सरकारी महा शिविर आयोजित करेगी। इन शिविरों में सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत मिलने वाली सभी प्रमुख सरकारी सेवाएं और योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने बुधवार को विधानसभा में इसकी घोषणा करते हुए कहा कि इस अभियान के माध्यम से राज्य के कम से कम 10 लाख परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान का आयोजन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिन और पूर्व उपमुख्यमंत्री दिवंगत अजित पवार की जयंती के अवसर पर किया जा रहा है।

22, 25 या 26 जुलाई को आयोजित होंगे शिविर

बावनकुले ने बताया कि जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिविर आयोजित करने के लिए तीन तिथियां तय की गई हैं। विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र में 22 जुलाई, 25 जुलाई या 26 जुलाई में से किसी भी एक सुविधाजनक दिन महाशिविर आयोजित कर सकेंगे। इन महा शिविरों में राजस्व, कृषि, ग्राम विकास सहित केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा। राज्य सरकार द्वारा महिला किसानों को किसान का दर्जा देने संबंधी कानून के तहत पात्र महिला किसानों को आधिकारिक किसान पहचान पत्र और आवश्यक प्रमाणपत्र वितरित किए जाएंगे। जिन गांवों में ड्रोन और डिजिटल सर्वेक्षण पूरा हो चुका है, वहां के लाभार्थियों को संपत्ति स्वामित्व से संबंधित प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। महाशिविरों के सुचारु आयोजन और प्रशासनिक तैयारियों के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र को जिला योजना समिति (डीपीडीसी) के माध्यम से 10 लाख रुपए की विशेष निधि आवंटित की गई है।

Created On :   9 July 2026 9:41 PM IST

Tags

Next Story