इंटरनेशनल मेमोरियल: बंसोड़े ने कहा - इंदु मिल में आंबेडकर मेमोरियल का काम 2027 तक पूरा करने की कोशिश

बंसोड़े ने कहा - इंदु मिल में आंबेडकर मेमोरियल का काम 2027 तक पूरा करने की कोशिश
  • महाराष्ट्र विधानसभा के डिप्टी स्पीकर अन्ना बंसोड़े का बयान
  • इंदु मिल में आंबेडकर मेमोरियल का काम 2027 तक पूरा करने की कोशिश
  • एमएमआरडीए के जरिए संबंधित लोगों को समय पर फंड देने के लिए सरकार स्तर पर आग्रह किया जाएगा

New Delhi News. महाराष्ट्र विधानसभा के डिप्टी स्पीकर अन्ना बंसोड़े ने सोमवार को यहां कहा कि राज्य सरकार मुंबई के इंदु मिल में बन रहे भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के भव्य इंटरनेशनल मेमोरियल का काम तय समय में और तेज गति से पूरा करने की पूरी कोशिश कर रही है। सरकार का प्रयास है कि यह मेमोरियल 2027 तक पूरा करके अनुयायियों के लिए खोल दिया जाए।

बंसोड़े दो दिन के दिल्ली दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने गाजियाबाद के मशहूर मूर्तिकार राम सुतार की वर्कशॉप का दौरा किया। उन्होंने इंदु मिल मेमोरियल के लिए तैयार हो रही मूर्ति के काम का विस्तृत निरीक्षण किया और काम की मौजूदा स्थिति का जानकारी ली। निरीक्षण के बाद महाराष्ट्र सदन में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने प्रोजेक्ट की मौजूदा स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

मेमोरियल के लिए ज़रूरी मुख्य धातुओं की वैश्विक कीमतों में बढ़ोतरी के कारण, प्रोजेक्ट की वास्तविक टेंडर कीमतों और मौजूदा वास्तविक लागत के बीच अंतर आ गया है। उन्होंने कहा कि इस बढ़े हुए फंड के बारे में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से विस्तार में बात की जाएगी। बंसोड़े ने यह भी कहा कि एमएमआरडीए के जरिए संबंधित लोगों को समय पर फंड देने के लिए सरकार स्तर पर आग्रह किया जाएगा।

मेमोरियल की प्रगति के बारे में जानकारी देते हुए बंसोड़े ने कहा कि इंदु मिल में 350 फीट ऊंची एक बड़ी मूर्ति बनाई जा रही है, जिसमें से लगभग 50 फीट ऊंचा (बूट और पैंट वाला हिस्सा) पूरा हो चुका है। मूर्तिकार अनिल सुतार की टेक्निकल गाइडेंस में एडवांस्ड टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करके बाकी हिस्सों को तैयार करने और जोड़ने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है ।

Created On :   30 March 2026 7:45 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story