आरोप-प्रत्यारोप का दौर: महाआघाडी सरकार में ठाकरे परिवार पर हमलावर रहे मोहित कंबोज की बेटी के बर्थडे में पहुंचे आदित्य ठाकरे

महाआघाडी सरकार में ठाकरे परिवार पर हमलावर रहे मोहित कंबोज की बेटी के बर्थडे में पहुंचे आदित्य ठाकरे
  • यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं था
  • इसलिए इसे राजनीति से जोड़ना गलत - राऊत
  • आघाडी सरकार पर खूब हमलावर थे कंबोज

Mumbai News. राज्य की राजनीति में एक ओर जहां आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, वहीं इस बीच एक निजी कार्यक्रम ने सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। भाजपा नेता मोहित कंबोज की बेटी के जन्मदिन समारोह में शिवसेना (उद्धव) नेता आदित्य ठाकरे की मौजूदगी ने सभी को चौंका दिया है। इस घटना के बाद तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। दरअसल मोहित कंबोज ने महाविकास आघाडी की सरकार के दौरान ठाकरे परिवार पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। यहां तक कि शिवसेना में हुई टूट के पीछे भी उनकी भूमिका को अहम माना जाता है। ऐसे में उनके पारिवारिक कार्यक्रम में आदित्य ठाकरे की उपस्थिति ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया।

कंबोज के निमंत्रण पर पहुंचे आदित्य

कंबोज की बेटी के जन्मदिन के कार्यक्रम का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज हो गई कि क्या उद्धव गुट और भाजपा के बीच नजदीकियां बढ़ रही हैं। हालांकि इस पूरे मामले पर राजनीति भी शुरू हो गई है। शिवसेना (उद्धव) सांसद संजय राऊत से आदित्य के कंबोज की बेटी के जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने का सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि यदि किसी शुभ अवसर पर निमंत्रण मिलता है तो वहां जाना गलत नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह एक पारिवारिक कार्यक्रम था, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के लोग मौजूद थे और आदित्य ठाकरे वहां केवल कुछ समय के लिए गए थे। ऐसे आयोजनों को राजनीतिक नजरिए से देखना उचित नहीं है। राऊत ने कहा कि महाराष्ट्र की संस्कृति यही सिखाती है कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद सामाजिक और पारिवारिक अवसरों पर कटुता को अलग रखकर शामिल होना चाहिए। यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं था, इसलिए इसे राजनीति से जोड़ना गलत है।

राऊत ने यह भी कहा कि राजनीतिक संघर्ष अपनी जगह हमेशा चलता रहता है, लेकिन व्यक्तिगत संबंध और सार्वजनिक शिष्टाचार अलग होते हैं। किसी वीडियो के वायरल होने से यह निष्कर्ष निकालना कि राजनीतिक समीकरण बदल रहे हैं, सही नहीं है। जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि यदि एकनाथ शिंदे उन्हें बुलाते हैं तो क्या वे जाएंगे, इस पर राऊत ने अपने अंदाज में जवाब देते हुए कहा कि पहले वे बुलाएं तो सही। फिलहाल उनके यहां कोई ऐसा शुभ कार्य नहीं है। कंबोज की इस पार्टी में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत कई राजनीतिक दलों के नेता, बिजनेसमैन और फिल्म स्टार भी शामिल हुए थे।

आघाडी सरकार पर खूब हमलावर थे कंबोज

राज्य में जब उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में महाविकास आघाडी की सरकार थी तो उस समय कंबोज ठाकरे परिवार और सांसद संजय राऊत पर ज्यादा हमलावर थे। यहां तक कि कंबोज ने उस समय राऊत को चंदे के तौर पर दिए गए पैसों का भी जिक्र किया था। साल 2023 में कंबोज ने उद्धव के छोटे बेटे तेजस ठाकरे का कोरोना काल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था, जिसमें लॉकडाउन के दौरान तेजस देर रात तक पार्टी करते हुए दिख रहे थे।

Created On :   30 March 2026 7:10 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story