चेतावनी: भुजबल ने कहा - तीन महीने पीएनजी कनेक्शन के लिए नहीं किया आवेदन तो रद्द हो जाएगा एलपीजी कनेक्शन

भुजबल ने कहा - तीन महीने पीएनजी कनेक्शन के लिए नहीं किया आवेदन तो रद्द हो जाएगा एलपीजी कनेक्शन
  • गैस सिलेंडर वितरण व्यवस्था में सुधार के लिए सरकार का कदम
  • तीन महीने पीएनजी कनेक्शन के लिए नहीं किया आवेदन तो रद्द हो जाएगा एलपीजी कनेक्शन

Mumbai News. राज्य सरकार ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि जिन इलाकों में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन उपलब्ध हैं वहां के उपभोक्ता यदि तीन महीने में पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन नहीं करते तो उनका मौजूदा लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) कनेक्शन रद्द हो सकता है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल ने साफ कहा कि यह कदम गैस वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए उठाया जा रहा है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगर आवेदन करने के तीन महीने के भीतर पाइपलाइन का काम पूरा नहीं होता है तो ऐसी स्थिति में किसी का मौजूदा एलपीजी कनेक्शन बंद नहीं किया जाएगा।

भुजबल ने लोगों से अपील की कि वे लापरवाही न करें और समय रहते पीएनजी के लिए आवेदन करें। राज्य में अभी लगभग 10 लाख 45 हजार पीएनजी उपभोक्ता हैं लेकिन बड़ी संख्या में लोग अब भी इस सुविधा से दूर हैं। भुजबल ने यह भी बताया कि अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच युद्ध के कारण ईंधन के दाम प्रभावित हो रहे हैं लेकिन भारत में गैस और खाद्य आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने गैस सिलेंडर बंद होने की अफवाहों को पूरी तरह निराधार बताया। सरकार कमर्शियल सेक्टर में पीएनजी का उपयोग 50 प्रतिशत तक बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। साथ ही प्राकृतिक गैस की उपलब्धता भी दो लाख मीट्रिक टन बढ़ाई गई है, जिससे आपूर्ति और मजबूत होगी।

राशन व्यवस्था को लेकर भी सरकार ने राहत दी है। नागरिक अब एक साथ तीन महीने का अनाज ले सकते हैं। केरोसीन की आपूर्ति भी जारी रहेगी, जबकि पहले गैस उपभोक्ताओं को केरोसीन न देने का निर्देश था। इस मुद्दे पर सरकार ने कोर्ट को वर्तमान स्थिति से अवगत कराया है। सरकार का स्पष्ट संदेश है कि अफवाहों से दूर रहें, लेकिन पीएनजी को लेकर लापरवाही न करें, क्योंकि अब यह विकल्प नहीं, बल्कि आवश्यकता बनता जा रहा है।

Created On :   30 March 2026 9:17 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story