Mumbai News: चिपी-मुंबई विमान सेवा शुरू करने वीजीएफ को मंजूरी, तीन दिन में 570 से ज्यादा शासनादेश जारी, सातारा एसपी को छुट्टी पर भेजा

चिपी-मुंबई विमान सेवा शुरू करने वीजीएफ को मंजूरी, तीन दिन में 570 से ज्यादा शासनादेश जारी, सातारा एसपी को छुट्टी पर भेजा
  • आर्थिक वर्ष के आखिरी दिनों में जीआर की बाढ़, तीन दिन में 570 से ज्यादा शासनादेश जारी
  • सातारा एसपी तुषार दोषी को छुट्टी पर भेजा - फडणवीस

Mumbai News. प्रदेश सरकार ने चिपी- मुंबई-चिपी हवाई यात्रा के लिए व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण (वीजीएफ) देने के लिए मंजूरी प्रदान की है। इससे सिंधुदुर्ग जिले के चिपी हवाई अड्डे से मुंबई हवाई अड्डे तक विमान सेवा शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। सोमवार को प्रदेश के सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में शासनादेश जारी किया है। सरकार ने उड़ान योजना के तर्ज पर एक साल के लिए चिपी हवाई अड्डे से चिपी-मुंबई और मुंबई-चिपी हवाई मार्ग के लिए जस्ट उडो एविएशन प्राइवेट लिमिटेड को प्रति आरसीएस आसन के लिए 2 हजार 991 रुपए के दर से 100 प्रतिशत वीजीएफ देने का फैसला लिया है। इससे चिपी-मुंबई और मुंबई-चिपी दोनों मार्ग के लिए 100 प्रतिशत वीजीएफ के लिए एक साल में 7 करोड़ 64 लाख 20 हजार 50 रुपए खर्च का अनुमान है। इससे पहले 17 मार्च 2026 को राज्य मंत्रिमंडल ने चिपी- मुंबई-चिपी विमान सेवा शुरू करने वीजीएफ योजना लागू करने के लिए मंजूरी दी थी।

आर्थिक वर्ष के आखिरी दिनों में जीआर की बाढ़, तीन दिन में 570 से ज्यादा शासनादेश जारी

उधर आर्थिक वर्ष समाप्त होने से पहले राज्य सरकार ने शासनादेश (जीआर) जारी करने में तेजी दिखाई है। पिछले तीन दिनों में ही 570 से अधिक जीआर जारी किए गए हैं, जिससे प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। जानकारी के मुताबिक शनिवार और रविवार जैसे छुट्टी के दिनों में भी सरकार ने 208 शासनादेश जारी किए। वहीं सोमवार को अकेले 360 से ज्यादा जीआर जारी किए गए। इतनी बड़ी संख्या में कम समय में जारी हुए आदेशों को लेकर चर्चा का दौर शुरू हो गया है। दरअसल आर्थिक वर्ष खत्म होने के चलते सरकार ने तेजी से फैसले लेते हुए ये जीआर जारी किए हैं। इनमें से अधिकांश शासनादेश विभिन्न योजनाओं को जारी रखने और उनके लिए फंड उपलब्ध कराने से जुड़े हुए हैं। सूत्रों के अनुसार समय सीमा के भीतर बजट का उपयोग सुनिश्चित करने के लिए विभागों ने आनन-फानन में प्रस्ताव भेजे, जिन पर तेजी से मंजूरी दी गई। सरकार का फोकस है कि चल रही योजनाओं में वित्तीय अड़चन न आए और लाभार्थियों तक समय पर सहायता पहुंचती रहे। हालांकि इतनी बड़ी संख्या में छुट्टी के दिनों में भी जीआर जारी होने से प्रशासनिक प्रक्रिया और पारदर्शिता को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। विपक्ष इस मुद्दे को लेकर सरकार पर निशाना साध सकता है।

सातारा एसपी तुषार दोषी को छुट्टी पर भेजा - फडणवीस

वहीं सातारा के पुलिस अधीक्षक तुषार दोषी को छुट्टी पर भेज दिया गया है। जिला परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान उन पर शिवसेना (शिंदे) के नेताओं ने गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद यह मामला तूल पकड़ गया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुष्टि करते हुए कहा कि दोषी को छुट्टी पर भेजा गया है। हालांकि खुद तुषार दोषी ने इस पर अलग बयान दिया है। उन्होंने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि उनकी बेटियों की परीक्षाएं चल रही हैं, इसी कारण उन्होंने स्वयं छुट्टी ली है। उन्हें किसी प्रकार से जबरन छुट्टी पर नहीं भेजा गया है। दरअसल सातारा जिला परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर विधानमंडल के बजट सत्र में भी काफी हंगामा हुआ था। विधान परिषद में शिंदे गुट के मंत्रियों और विधायकों द्वारा उनके साथ हुई बदसलूकी का मामला उठाए जाने के बाद उपसभापति नीलम गोर्हे ने दोषी को निलंबित करने का आदेश दिया था। हालांकि सभापति राम शिंदे ने हस्तक्षेप करते हुए गोर्हे के फैसले को पलट दिया और उनके निलंबन पर रोक लगा दी थी। फिलहाल दोषी के छुट्टी पर जाने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है और राजनीतिक हलकों में इसकी चर्चा तेज हो गई है।

Created On :   30 March 2026 9:30 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story