राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम: कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा - अकोला समेत 19 शहर मानकों पर नहीं उतरे खरा, पूरा न करने वाले शहरों की सूची में हुए शामिल

कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा - अकोला समेत 19 शहर मानकों पर नहीं उतरे खरा, पूरा न करने वाले शहरों की सूची में हुए शामिल
  • 19 शहर एनसीएपी के अंतर्गत तय मानकों पर खरा नहीं उतरे हैं
  • लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान भाजपा सांसद अनूप धोत्रे के पूछे गए प्रश्न के लिखित उत्तर का जवाब

New Delhi News. महाराष्ट्र में अकोला समेत 19 शहर ऐसे हैं जो ‘राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम’ (एनसीएपी) के अंतर्गत तय मानकों पर खरा नहीं उतरे हैं। इन सभी को एनसीएपी के तहत मानकों को पूरा न करने वाले शहरों की सूची में शामिल किया गया है। केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने सोमवार को लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान भाजपा सांसद अनूप धोत्रे के पूछे गए एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अकोला को एनसीएपी के तहत पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की प्रदूषण नियंत्रण योजना के अंतर्गत वित्तपोषित किया गया है और वायु की गुणवत्ता सुधारने संबंधी उपायों को क्रियांवित करने के लिए अकोला को वायु गुणवत्ता पर आधारित 17.49 करोड़ का प्रोत्साहन अनुदान जारी किया गया है।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि अकोला के लिए ‘शहर स्वच्छ वायु कार्य योजना’ तैयार की गई है, जिसका लक्ष्य सड़क की धूल, वाहनों से होने वाले प्रदूषण, खुले में कचरा जलाना आदि जैसे प्रमुख क्षेत्रों में प्रदूषण के मुख्य स्रोतों को नियंत्रित करना है। एनसीएपी को लागू करने के लिए अकोला नगर निगम के कमिश्नर की अध्यक्षता में एक शहर-स्तरीय समिति का गठन किया गया है। इसके अलावा, अकोला में वायु गुणवत्ता की निगरानी के लिए 4 केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनका संचालन महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा किया जाता है।

Created On :   30 March 2026 5:47 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story