Nagpur News: आज से ई20 पेट्रोल अनिवार्य पर नागपुर में उपलब्ध ही नहीं

आज से ई20 पेट्रोल अनिवार्य पर नागपुर में उपलब्ध ही नहीं
2022 से पहले के वाहनों में आ सकती है समस्या

Nagpur News केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। 1 अप्रैल 2026 से देश भर के सभी पेट्रोल पंपों पर ई20 पेट्रोल (20 प्रतिशत तक इथेनॉल मिश्रित) बेचना अनिवार्य हो जाएगा, लेकिन नागपुर के पेट्रोल पंप पर यह अभी उपलब्ध नहीं। नागपुर के बहुत से पेट्रोल पंप संचालकों को अभी इसकी जानकारी तक नहीं है। इस नए ईंधन का न्यूनतम रिसर्च ऑक्टेन नंबर (आरओएन) 95 होना चाहिए। यह निर्देश पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने 17 फरवरी 2026 को जारी किया है। नए नियम के तहत, ईंधन भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के विनिर्देशों को पूरा करेगा और सभी राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों में लागू होगा।

ई20 पेट्रोल क्या है? : ई20 में सामान्य पेट्रोल में 20 प्रतिशत तक इथेनॉल मिलाया जाएगा। इथेनॉल गन्ने, मक्का और अन्य अनाजों से बनाया जाता है। इथेनॉल का अपना आरओएन लगभग 108 होता है, इसलिए मिश्रण से कुल ऑक्टेन बढ़ जाता है। इससे इंजन में नॉकिंग (असमान जलन) की समस्या कम होती है, इंजन सुचारू चलता है और प्रदूषण भी घटता है। लेकिन 2022 से पहले बने वाहनों में इसके इस्तेमाल से कुछ कठिनाई आ सकती है।

आपकी गाड़ी पर क्या असर? : 2023 के बाद बनी ज्यादातर कारें और बाइकें पहले से ही ई20 के अनुकूल हैं। इनमें कोई बड़ी समस्या आने की उम्मीद नहीं है। पुरानी गाड़ियों (2022 से पहले की) में थोड़ी समस्या हो सकती है, जैसे माइलेज में 3-7% की कमी या कुछ पार्ट्स पर असर। ऐसे में हाई-ऑक्टेन प्रीमियम फ्यूल (एक्सपी95/एक्सपी100) का विकल्प उपलब्ध रह सकता है। उच्च आरओएन वाला ईंधन इंजन को बेहतर प्रदर्शन और सुरक्षा देगा।

आएगी वाहनों में खराबी : बीएस 4 मानक वाले वाहनों में यदि ई20 पेट्रोल अनिवार्य किया जाता है तो निश्चित ही एक समय के बाद वाहनों में खराबी आएगी। वाहन धारक को बार-बार नोजल बदलने पड़ सकते हैं। इसीलिए सरकार को बीएस4 वाहनों के लिए कम्पेटिबल ईंधन भी बिक्री के लिए उपलब्ध कराना चाहिए। - अनुज पांडे, अध्यक्ष - विदर्भ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन

अभी तक सूचना नहीं : कंपनी की ओर से अब तक हमें यह पेट्रोल उपलब्ध नहीं कराया गया है। इसे लेकर कोई सूचना भी नहीं दी गई है। यदि हमें डिपो यह फ्यूल मिलने लगेगा, तो पंप पर भी मिलने लगेगा। - गौरव जयस्वाल, अध्यक्ष विदर्भ पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन


Created On :   1 April 2026 11:48 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story