- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- 159 खाताधारकों पर केस ,आईसीआईसीआई...
Nagpur News: 159 खाताधारकों पर केस ,आईसीआईसीआई बैंक में नकली सोना रखा था गिरवी, जांच जारी

Nagpur News निजी क्षेत्र के नामी बैंक को करोड़ों रुपए से चूना लगाए जाने का मामला उजागर हुआ है। 159 खाताधारकों ने बैंक के विविध शाखाओं में फर्जी दस्तावेजों की मदद से सोना गिरवी रखा था। इस घपले में बैंक को 23.19 करोड़ का चूना लगा है। धंतोली थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच-पड़ताल अपराध शाखा के आर्थिक विभाग को सौंपी गई है। इससे गिरोह सक्रिय होने की आशंका भी व्यक्त की जा रही है।
ऑडिट रिपोर्ट में हुआ खुलासा : घटना जनवरी 2023 से अक्टूबर 2025 के दरमियान हुई है। आईसीआईसीआई की शहर में स्थित विविध नौ शाखाओं में बैंक के खाताधारक सचिन रौत, बैंक के वैल्यूवर नंदू खरवडे, प्रथम ऑडिटर राजेंद्र शिलनकर सहित 152 खाताधारकों ने गोल्ड लोन के तहत बैंक में सोना गिरवी रखा था। कुछ लोगों ने फर्जी दस्तावेजों का भी सहारा लिया था। सोना गिरवी रखने के बाद उन खाताधारकों को संबंधित शाखाओं से 23 करोड़ 19 लाख रुपए के कर्ज की रकम वितरित की गई। बैंक के क्षेत्रिय प्रबंधक धनंजय थिटे (49) ने दर्ज शिकायत में बताया है कि मनीष नगर स्थित बैंक की शाखा में गिरवी सोने के बारे में ऑडिट किया।
ऑडिट रिपोर्ट में नकली सोना और नकली दस्तावेजों का इस्तेमाल कर करोड़ों रुपए से बैंक के साथ धोखाधड़ी होने का खुलासा हो गया। इसके बाद बैंक की अन्य शाखाओं का भी आडिट किया गया, तो चौकाने वाला फर्जीवाड़ा सामने आया। संबंधित थाने में इसकी शिकायत की गई। बरामद दस्तावेजों और सोनेे की विशेषज्ञों द्वारा पड़ताल की गई। प्रकरण की पुष्टि होने से मंगलवार को धंतोली थाने में संबंधित आरोपी खाताधारकों के खिलाफ विविध धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामला करोडों रुपए से जुड़ा होने के कारण अपराध शाखा के आर्थिक विभाग को इसकी पड़ताल सौंपी गई है।
Created On :   1 April 2026 12:52 PM IST













