Nagpur News: अब महंगा नहीं होगा घर का सपना रेडी रेकनर की दर में नहीं बदलाव

अब महंगा नहीं होगा घर का सपना रेडी रेकनर की दर में नहीं बदलाव
8-10% वृद्धि की रिपोर्ट भेजी गई थी

Nagpur News राज्य सरकार ने चालू वित्त वर्ष (2026-27) के लिए रेडी रेकनर की दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। नगर रचना विभाग नागपुर ने 8 से 10 फीसदी तक की वृद्धि की रिपोर्ट भेजी थी। गत वर्ष नागपुर में 5.83 फीसदी की वृद्धि हुई थी। तीन साल पहले तक सरकार ने रेडी रेकनर के दर स्थिर (कोई बदलाव नहीं) रखे थे। 2020 में कोरोना संक्रमण आया आैर इसका असर अगले तीन साल तक रेडी रेकनर पर देखा गया।

सरकार ने 2022-23, 2023-24 व 2024-25 में रेडी रेकनर के दर में कोई बदलाव नहीं किया था। साल 2025-26 में नागपुर जिले में रेडी रेकनर के दरों में 5.83 फीसदी की वृद्धि हुई थी। इसे देखते हुए इस बार भी वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही थी। नगर रचना विभाग नागपुर ने जिले में पिछले एक साल में हुए जमीन व फ्लैट बिक्री के सौदों का डेटा जमा करके 8-10 फीसदी तक की वृद्धि की गुंजाइश होने की रिपोर्ट पंजीयन महानिरीक्षक कार्यालय को भेजी थी।

इन इलाकाें में बढ़ने वाले थे रेट : सूत्रों की मानें तो शहर के धंतोली, रामदासपेठ, सीताबर्डी, सदर, मानेवाड़ा, बेसा, बेलतरोड़ी, दिघोरी, हुडकेश्वर, म्हालगीनगर, मिहान आदि क्षेत्रों में रेडी रेकनर के दर बढ़ने की संभावना थी। नगर रचना विभाग ने इन क्षेत्रों पर फोकस किया था। शहर में कुछ जगह 2-3 फीसदी, कुछ जगह 5-6 फीसदी व कुछ जगह 8-10 फीसदी दर वृद्धि का विचार हो रहा था।

जंग का असर तो नहीं : मिडिल ईस्ट में जारी जंग का असर भारत समेत पूरी दुनिया पर हो रहा है। जंग आैर कितने दिन चलेगी, यह कहा नहीं जा सकता। जंग के कारण देश में ईंंधन का संकट बढ़ गया है। आनेवाले दिनों में महंगाई बढ़ सकती है। महंगाई बढ़ने पर रियल इस्टेट में मंदी न आए, इसे संभालने के लिए दर स्थिर रखने की चर्चा है।

दर स्थिर रखने की थी गुजारिश : वैश्विक हालात और कंस्ट्रक्शन सेक्टर में मौजूदा मंदी को देखते हुए, क्रेडाई जैसे कंस्ट्रक्शन ट्रेड एसोसिएशन ने राज्य सरकार से इन दरों को स्थिर रखने की गुजारिश की थी। इस बारे में मिली सूचना, आपत्ति और गुजारिश पर विचार किया गया। सरकार ने कंस्ट्रक्शन सेक्टर को गति देने के लिए रेडी रेकनर में बदलाव नहीं किया है। संपत्ति की हकीकत को ध्यान में रखकर बाजार मूल्य तय किए गए हैं।

-चंद्रशेखर बावनकुले, राजस्व मंत्री


Created On :   1 April 2026 12:18 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story