- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- 7 माह बाद फिर शुरू हुई...
Nagpur News: 7 माह बाद फिर शुरू हुई नागपुर-नांदेड़ डायरेक्ट फ्लाइट

Nagpur News लगभग सात माह से बंद नागपुर और नांदेड़ के बीच डायरेक्ट फ्लाइट सेवा फिर दोबारा शुरू हो गई है। स्टार एयर ने केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत यह सेवा को बहाल किया है। पहले दिन फ्लाइट को ख़ास प्रतिसाद नहीं मिला है। दोनों मार्ग पर कुल मिलाकर 66 मुसाफिरों ने यात्रा की है।
नागपुर आने वाली फ्लाइट में 30 यात्री : उड़ान संख्या एस 5248 नांदेड़ के श्री गुरु गोबिंद सिंह जी एयरपोर्ट से सुबह 11:20 बजे उड़ान भरकर 12:10 बजे नागपुर के बाबा साहब इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंची। वहीं उड़ान संख्या एस 5247 नागपुर से दोपहर 12:40 बजे रवाना होकर 1:30 बजे नांदेड़ पहुंची। नागपुर से नांदेड़ जाने वाली फ्लाइट में 36 यात्री रहे, जबकि नांदेड़ से नागपुर आने वाली फ्लाइट में 30 यात्री सवार थे। यह फ्लाइट सप्ताह में शुक्रवार को छोड़कर बाकी दिन संचालित हो रही है। इस मार्ग पर स्टार एयर द्वारा एम्ब्रेयर ई 175 एलआर विमान का उपयोग किया जा रहा है। ये विमान आकर में छोटे होते है, जिसकी सीट क्षमता 76 है। इनमे बिजनेस क्लास की 12 सीटें और इकोनॉमी क्लास की 64 सीटें शामिल हैं।
धार्मिक यात्रा, व्यापार पर्यटन को बढ़ावा : इस फ्लाइट के शुरू होने से नागपुर और नांदेड़ के बीच यात्रा काफी आसान हो गई है। सड़क या रेल मार्ग से यह सफर 6 से 8 घंटे में पूरा होता है, जबकि फ्लाइट से केवल 50 मिनट में पहुंचा जा सकेगा। खासकर तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब जाने वाले सिख श्रद्धालुओं को इससे बड़ी सुविधा मिलेगी। इसके अलावा दोनों शहरों के बीच व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को भी बढ़ावा मिलेगा।
Created On :   1 April 2026 1:08 PM IST














