Nagpur News: नागपुर में फ्री हेलमेट के चक्कर में थाने की सैर, कई लोग बने अप्रैल फूल

नागपुर में फ्री हेलमेट के चक्कर में थाने की सैर, कई लोग बने अप्रैल फूल
दो थाने में हेलमेट लेने पहुंचे लोग, हकीकत पता चली तो घर बैरंग लौटे

Nagpur News भी लोग फ्री में मिलने वाली वस्तु को लेकर कितने उत्सुक है, यह तब देखने को मिला जब नवीन कामठी और बडौदा थाने में फ्री में हेलमेट मिलने की बात को लेकर कुछ युवक थाने में पहुंच गए। जब उन्हें थाने में पहुंचने पर पता चला कि हेलमेट नहीं मिल रहा है, उन्हें किसी ने अप्रैल फूल बनाया तो उन्हें अपनी बुद्धि पर हंसी आने लगी और वह चुपचाप घर लौट आए।

अप्रैल फूल के मौके पर शहर में एक ऐसा ‘हेलमेट अभियान’ चला, जिसमें हेलमेट नहीं, हंसी ज्यादा बंटी। नवीन कामठी और बडौदा थाने में फ्री हेलमेट मिलने की किसी ने खबर क्या उड़ा दी, कुछ युवक बिना देर किए सीधे थाने पहुंच गए मानो सरकार ने आज ही खजाना खोल दिया हो। थाने में पहुंचकर जब सच्चाई सामने आई कि यहां कोई हेलमेट वितरण नहीं हो रहा, तो युवकों के चेहरे ऐसे उतर गए जैसे परीक्षा में गलत सेंटर पहुंच गए हों।

समझ में आया कि किसी ने उन्हें बढ़िया तरीके से ‘अप्रैल फूल’ बना दिया है। मजेदार बात यह रही कि कोई बहस नहीं, कोई शिकायत नहीं—बस हल्की सी मुस्कान और चुपचाप वापसी। घटना ने फिर साबित किया कि ‘फ्री’ शब्द सुनते ही दिमाग अक्सर छुट्टी पर चला जाता है। मजे की बात उन युवकों की बातें सुनकर कुछ देर के लिए संबंधित थाने के अधिकारी-कर्मचारी भी चकरा गए, जब उन्हें अप्रैल फूल याद आया तो उनके भी चेहरे पर हंसी आ गई।

Created On :   2 April 2026 2:55 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story