Nagpur News: 1 हजार घरों में पाइप से पहुंचेगी गैस, बुटीबोरी की सिडको कॉलोनी से शुरुआत

1 हजार घरों में पाइप से पहुंचेगी गैस, बुटीबोरी की सिडको कॉलोनी से शुरुआत
  • 10 अप्रैल से जलेगा पीएनजी चूल्हा
  • 24 घंटे सप्लाई, छह साल में सिलेंडर मुक्त शहर का लक्ष्य

Nagpur News उपराजधानी नागपुर में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत के बीच राहत भरी बड़ी खबर है। शहर में पहली बार पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) से चूल्हा जलने का मुहूर्त निकल आया है। 10 अप्रैल से बुटीबोरी क्षेत्र में करीब 1 हजार घरों में पाइप के जरिए गैस सप्लाई शुरू की जाएगी। इसके साथ ही नागपुर में घरेलू रसोई तक पाइप्ड गैस पहुंचाने की शुरुआत हो जाएगी। इस परियोजना को लागू करने वाली कंपनी हरियाणा सिटी गैस (एचसीजी) ने इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पहले चरण में बुटीबोरी की सिडको कॉलोनी के घरों को इस सुविधा से जोड़ा जा रहा है। पीएनजी सेवा शुरू होने के बाद उपभोक्ताओं को 24 घंटे लगातार गैस उपलब्ध रहेगी। इससे सिलेंडर खत्म होने, बुकिंग और डिलीवरी का इंतजार करने जैसी समस्याओं से छुटकारा मिलेगा।

30 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है

हरियाणा सिटी गैस (एचसीजी) को नागपुर जिले की जिम्मेदारी दी गई है। एचसीजी की ओर से बुटीबोरी और जामठा इलाके में पाइप्ड गैस नेटवर्क तैयार किया गया है। इन क्षेत्रों में करीब 25 से 30 किलोमीटर लंबी गैस पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है। पहले चरण में बुटीबोरी के सिडको कॉलोनी निवासियों को पीएनजी आपूर्ति की जाएगी। इस क्षेत्र के 1 हजार घरों को इसका फायदा मिलेगा। पीएनजी सेवा शुरू होने के बाद उपभोक्ताओं को 24 घंटे पाइप्ड गैस उपलब्ध रहेगी।

वानाडोंगरी, हिंगना और मिहान में अगला चरण

दूसरे चरण में वानाडोंगरी, हिंगना, जामठा और मिहान क्षेत्र की रिहायशी कॉलोनियों को पाइप्ड गैस नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इन इलाकों में पाइप लाइन बिछाने का काम लगभग पूरा हो चुका है। कंपनी ने इन क्षेत्रों में पीएनजी कनेक्शन के लिए पंजीकरण भी शुरू कर दिया है। इसके लिए मोबाइल एप के साथ-साथ डोर-टू-डोर अभियान चलाया जा रहा है। शीघ्र ही इन इलाकों में भी पाइप से गैस सप्लाई शुरू होने की संभावना है।

चरणबद्ध तरीके से नेटवर्क से जोड़ा जाएगा

तीसरे चरण में मानेवाड़ा, बेसा-पिपला, अंबाझरी और वाड़ी जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से पूरे नागपुर शहर को पीएनजी नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। हरियाणा सिटी गैस ग्रुप ने अगले छह वर्षों में नागपुर को सिलेंडर मुक्त शहर बनाने का लक्ष्य तय किया है। हालांकि घनी बस्तियों में पाइप लाइन बिछाना तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है।

उद्योगों को भी मिलेगी 24 घंटे गैस

पीएनजी नेटवर्क का विस्तार औद्योगिक क्षेत्रों तक भी किया जा रहा है। बुटीबोरी, हिंगना और मिहान के उद्योगों को 24 घंटे गैस सप्लाई देने की योजना है। फिलहाल कुछ उद्योगों को गैस की आपूर्ति शुरू हो चुकी है और कई कंपनियों के साथ समझौते किए गए हैं।

गेल की मेगा पाइपलाइन से आएगी गैस

नागपुर तक गैस आपूर्ति मुंबई-नागपुर-झारसुगुड़ा प्राकृतिक गैस पाइपलाइन परियोजना के जरिए की जा रही है, जिसे गेल इंडिया ने विकसित किया है। करीब 1707 किलोमीटर लंबी इस पाइपलाइन में मुंबई से नागपुर तक 693 किलोमीटर का सेक्शन शामिल है। नागपुर जिले में हरियाणा सिटी गैस का सीजीएस-कम-मदर स्टेशन हिंगना तहसील के कान्होलीबारा में स्थापित किया गया है, जहां से सहायक पाइप लाइनों के जरिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गैस पहुंचाई जाएगी।

Created On :   2 April 2026 11:44 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story