- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नए शिक्षा सत्र की तैयारी, छात्रों...
Nagpur News: नए शिक्षा सत्र की तैयारी, छात्रों की तलाश में घर-घर खाक छान रहे शिक्षक

Nagpur News अंग्रेजी स्कूलों में प्रवेश के लिए होड़ मची हुई है। मोटी फीस चुकाकर मनचाहे स्कूल में प्रवेश के लिए पालकों की भीड़ लग रही है, वहीं जिला परिषद के मराठी, हिंदी, उर्दू स्कूलों की विद्यार्थी संख्या तेजी से घट रही है। विद्यार्थी घटने से शिक्षकों को अतिरिक्त ठहरने की चिंता सता रही है। अपनी नौकरी को सुरक्षित रखने के लिए शिक्षक, विद्यार्थियों की तलाश में गांव की गलियों की खाक छान रहे हैं। पालकों को मना रहे हैं। प्रवेश लेने पर उन्हें सरकार से मिलने वाली सेवा-सुविधा गिनाने से नहीं थक रहे हैं। उसके बावजूद नहीं मानने पर अपने स्तर से अन्य सुविधा देने का लालच दे रहे हैं।
घर-घर पहुंच रहे : जिला परिषद के शिक्षकों ने स्कूल छूटने पर घर-घर जाकर पालकों से मिलना शुरू किया है। जिला परिषद स्कूल में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में पालकों को समझा रहे हैं। विद्यार्थी को घर से स्कूल लाने-ले जाने की सुविधा देने की हामी भर रहे हैं। नियमित पाठ्यक्रम के अतिरिक्त उन्हें अन्य मार्गदर्शन करने की तैयारी दिखा रहे हैं। उसके बावजूद पालकों का प्रतिसाद नहीं मिल रहा है। बच्चों को अंग्रेजी मीडियम के स्कूल में पढ़ाने का नशा सिर चढ़कर बोलने से पालकों का अपेक्षित प्रतिसाद नहीं मिलने की भावना एक शिक्षक ने व्यक्त की।
पोस्टर-बैनर झलकने लगे : जिला परिषद अपने स्कूलों का प्रचार-प्रसार करने में भले ही कम पड़ रही है। शिक्षक उस कमी को पूरा करने में लगे हैं। प्रचार-प्रसार के लिए जिला परिषद स्कूल के पोस्टर, बैनर झलकने लगे हैं। शिक्षक अपने खर्च से पोस्टर, बैनर बनाकर मौके की जगह खुद जाकर लगा रहे हैं। पाम्पलेट बनाकर बांटे जा रहे हैं। समाचार पत्रों के हॉकर्स को पकड़कर घर-घर पाम्पलेट पहुंचाए जा रहे हैं।
Created On :   2 April 2026 2:48 PM IST














