- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- अप्रैल में बन रहा गुगली वाला मौसम ,...
Nagpur News: अप्रैल में बन रहा गुगली वाला मौसम , गर्मी के साथ बारिश और आंधी के आसार

Nagpur News अप्रैल महीने में मौसम इस बार कई रंग दिखाने वाला है। मौसम विभाग अनुसार, एक ओर जहां भीषण गर्मी लोगों को परेशान करेगी, वहीं बीच-बीच में बारिश, आंधी और तेज हवाएं राहत भी देंगी। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, इस बार अप्रैल में सामान्य से अलग और बदलता हुआ मौसम देखने को मिलेगा। अप्रैल के दौरान शहर का अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। लेकिन तापमान सामान्य से कम बना रहेगा, क्योंकि लगातार हीटवेव जैसे हालात नहीं बनेंगे। इस बार अप्रैल में हीटवेव के सिर्फ 3 से 4 दिन रहने की संभावना जताई गई है। यानी पिछले वर्षों की तुलना में लू के दिनों में कुछ कमी देखने को मिल सकती है।
बारिश और आंधी-तूफान के संकेत : मौसम में उतार-चढ़ाव के चलते कई दिनों में बारिश होने के आसार हैं। तेज हवा, बिजली चमकने, आंधी-तूफान और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है। तेज गर्मी के बीच अचानक मौसम सुहावना होने के दिन भी आएंगे, जिससे लोगों को राहत मिलेगी। यह बदलाव खेती और आम जनजीवन दोनों को प्रभावित कर सकता है।
अनिश्चित और चौंकाने वाला रहेगा मौसम : इस अप्रैल में मौसम पूरी तरह अनिश्चित और चौंकाने वाला रहने वाला है। कभी तेज गर्मी, कभी बारिश, तो कभी ठंडी हवाएं। ऐसे में लोगों को बदलते मौसम के लिए तैयार रहने की जरूरत है।
देर रात गरज-चमक के साथ बारिश : नागपुर। दिन भर धूप और छांव के साथ भीषण गर्मी के बीच बुधवार की देर रात शहर में बिजली कड़कड़ाने के साथ 11.2 मिमी बारिश हुई। रात 11 बजे के करीब मौसम का मिजाज बदला। तेज हवा और धूल भरी आंधी के साथ देखते ही देखते बारिश ने भी दस्तक दी। कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश की जानकारी है। शहर में दिन से ही बादलों का डेरा बना रहा। कुछ देर धूप खिली तो कुछ देर के लिए बादल मंडराते रहे। दिन का तापमान भी 39.2 डिग्री सेल्सियस रहा। 4 अप्रैल तक मौसम में भी इसी तरह के बदलाव देखने मिल सकते हैं। गुरुवार को भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।
लू के दिन होंगे कम : इस वर्ष अप्रैल माह में मौसम मिला-जुला रहने की संभावना है। बीच-बीच में तेज गर्मी लोगों को परेशान करेगी, वहीं कुछ दिनों में तेज आंधी, बारिश तथा हल्की से मध्यम वर्षा के आसार भी हैं। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हीट वेव (लू) के दिनों की संख्या सामान्य या सामान्य से थोड़ी कम रहने की उम्मीद है। - डॉ. प्रवीण कुमार, वैज्ञानिक प्रादेशिक मौसम विज्ञानं केंद्र नागपुर
Created On :   2 April 2026 12:12 PM IST













