- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- वैष्णव ने कहा - गरीब और मध्यम वर्ग...
Indian Railway: वैष्णव ने कहा - गरीब और मध्यम वर्ग को एक अच्छी सवारी देना रेलवे का प्रयास

New Delhi News. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को मंत्रालय के देश भर के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग को एक अच्छी सवारी तथा बेहतर अनुभव देना रेलवे की हर संभव कोशिश है। इस उद्देश्य के लिए हम सभी मिल कर काम करें।
रेल भवन में हुई इस बैठक को संबोधित करते हुए रेल मंत्री वैष्णव ने कहा कि पिछले साल रेल दुर्घटनाओं में आई ऐतिहासिक कमी और रिकॉर्ड माल ढुलाई ने देश भर में रेलवे की छवि सुधारने का काम किया है। बड़ी संख्या में विशेष ट्रेन चलाकर त्योहारों के दौरान रेल यात्रा की बढ़ी हुई मांग को भी बड़ी ही प्रभावी तरीके से अधिकारियों ने पूरा किया है। इसके लिए उन्होंने रेल परिवार को बधाई दी।
रेल मंत्री ने कहा कि रेलवे स्टेशन देश के लोगों के सामने हमारा चेहरा है। वो साफ़ सुथरे होने चाहिए। इस दिशा में देश भर के अधिकारियों को जी तोड़ मेहनत करनी चाहिए। अधिकारियों को प्रेरित करते हुए रेल मंत्री ने कहा कि रेलवे में पिछले एक दशक में आधुनिकीकरण के लिए रिकार्ड आवंटन हुआ है। ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी बनती है कि इस आवंटन का उचित उपयोग कर देश भर के रेलवे स्टेशनों की तस्वीर बदलें।
उन्होंने कहा कि त्योहारों पर भीड़ को नियंत्रित कर प्लेटफॉर्म तक यात्रियों को बिना किसी भी दिक्कत के पहुँचाना हमारी प्राथमिकता है ताकि रेल गाड़ियों में चढ़ना सुगम हो सके। अधिकारी ये सुनिश्चित करें कि इस दिशा में भी आवंटित धनराशि का उपयोग किया जाए।
Created On :   3 April 2026 7:21 PM IST












