बड़ी कार्रवाई: 37.62 लाख रुपए के मादक पदार्थ नष्ट, 260 किलो से अधिक गांजा और एमडी शामिल

37.62 लाख रुपए के मादक पदार्थ नष्ट, 260 किलो से अधिक गांजा और एमडी शामिल
  • एनडीपीएस एक्ट के तहत नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
  • 260 किलो 798 ग्राम मादक पदार्थों को शनिवार को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर नष्ट कर दिया

Chhatrapati Sambhaji Nagar News. छत्रपति संभाजीनगर पुलिस आयुक्तालय ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किए गए 260 किलो 798 ग्राम मादक पदार्थों को शनिवार को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर नष्ट कर दिया। जब्त किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 37 लाख 62 हजार 644 रुपए बताई गई है। पुलिस आयुक्त प्रवीण पवार के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत केंद्रीय गोदाम तथा एमआईडीसी सिडको, बेगमपुरा, सिटी चौक, एमआईडीसी वालूज, दौलताबाद, जिन्सी, छावनी, सातारा और हर्सूल पुलिस थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त मादक पदार्थों का न्यायालय की अनुमति मिलने के बाद वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया गया।

यह माल है शामिल

पुलिस के अनुसार नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 260 किलो 113 ग्राम गांजा, 21 ग्राम 15 मिलीग्राम एमडी पाउडर तथा 604 ग्राम 60 मिलीग्राम चरस शामिल है। सभी मामलों में न्यायालय से अनुमति, इन्वेंटरी पंचनामा और फॉरेंसिक प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन किया गया।

यहां की गई कार्रवाई

यह कार्रवाई पुणे जिले के रांजणगांव एमआईडीसी स्थित महाराष्ट्र एनवायरो पावर लिमिटेड के अधिकृत संयंत्र में पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए की गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में मादक पदार्थों को पूरी तरह नष्ट किया गया। पुलिस आयुक्तालय का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


Created On :   12 July 2026 3:28 PM IST

Tags

Next Story