फडणवीस सरकार पर निशाना: दानवे ने कहा - उद्योग मंत्री विदेश में है और राज्य से उद्योग हो रहे फरार, अमेरिकी बहुराष्ट्रीय कंपनी लुब्रीझोल ने निवेश लिया वापस

दानवे ने कहा - उद्योग मंत्री विदेश में है और राज्य से उद्योग हो रहे फरार, अमेरिकी बहुराष्ट्रीय कंपनी लुब्रीझोल ने निवेश लिया वापस
  • बिडकीन डीएमआईसी को बड़ा झटका लगा
  • लुब्रीझोल ने 1,914 करोड़ रुपये का निवेश वापस ले लिया है
  • कंपनी ने 120 एकड़ जमीन भी खाली कर दी

डिजिटल डेस्क, छत्रपति संभाजीनगर। मराठवाड़ा के औद्योगिक विकास को गति देने वाले बिडकीन डीएमआईसी को बड़ा झटका लगा है। अमेरिकी बहुराष्ट्रीय कंपनी लुब्रीझोल ने 1,914 करोड़ रुपये का निवेश वापस ले लिया है। साथ ही कंपनी ने 120 एकड़ जमीन भी खाली कर दी है। इसे मराठवाड़ा के लिए बड़ा नुकसान बताते हुए विधान परिषद सदस्य अंबादास दानवे ने शिंदे-फडणवीस सरकार पर निशाना साधा है।

उद्योग मंत्री पर साधा निशाना

दानवे ने कहा कि उद्योग मंत्री उदय सामंत विदेश में हैं और यहां राज्य से उद्योग इकाइयां बाहर जा रही हैं। सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट में उन्होंने सवाल उठाया कि 17 सितंबर को मराठवाड़ा मुक्ति संग्राम दिवस पर मुख्यमंत्री ने ध्वजारोहण कर भाषण दिया, क्या यही उसका रिटर्न गिफ्ट है? दानवे ने कहा कि एक तरफ विकास की बात की जा रही है और दूसरी तरफ राज्य में आने वाले उद्योगों को बाहर जाने दिया जा रहा है। क्या यही विकास है?

हजारों युवाओं को रोजगार मिलने की थी उम्मीद

दानवे के अनुसार, बिडकीन की ऑरिक सिटी में लुब्रीझोल अपनी बड़ी परियोजना स्थापित करने जा रही थी। इससे 1,914 करोड़ रुपये का निवेश आने वाला था और हजारों युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद थी। हालांकि, कंपनी ने अब निवेश रोकने के साथ अपनी 120 एकड़ जमीन भी छोड़ दी है।

Created On :   18 Sept 2026 7:22 PM IST

Tags

Next Story