Maharashtra News: एन-7 सिडको में कारोबारी विवाद ने लिया खूनी रूप, गैस एजेंसी के सामने वारदात, हत्या के बाद आरोपी पहुंचा थाने

एन-7 सिडको में कारोबारी विवाद ने लिया खूनी रूप, गैस एजेंसी के सामने वारदात, हत्या के बाद आरोपी पहुंचा थाने
शहर के एन-7 सिडको इलाके में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज हत्या से हड़कंप एक युवक ने अपने ही करीबी परिचित की बेरहमी से हत्या कर दी। पहले कार से बाइक को जोरदार टक्कर मारकर युवक को सड़क पर गिराया, फिर कार से उतरकर लाठी से उसके सिर पर 12 से 15 वार किए।

Chhatrapati Sambhaji Nagar News: शहर के एन-7 सिडको इलाके में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज हत्या से हड़कंप एक युवक ने अपने ही करीबी परिचित की बेरहमी से हत्या कर दी। पहले कार से बाइक को जोरदार टक्कर मारकर युवक को सड़क पर गिराया, फिर कार से उतरकर लाठी से उसके सिर पर 12 से 15 वार किए। हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद कार लेकर सिडको पुलिस थाने पहुंच गया, जहां उसने अपना जुर्म कबूल किया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। मृतक बंटी के भाई की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, दोनों पहले दोस्त थे। आपसी कारोबारी प्रतिस्पर्धा के चलते इस घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका है। जांच कर रहे एपीआई योगेश गायकवाड़ ने बताया कि शुक्रवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। हत्या की असली वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपी के खिलाफ तीन साल पहले धारा 353 के तहत अपराध दर्ज हुआ था। मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। मृतक की पहचान देवेश उर्फ बंटी चंद्रेश दीक्षित (36) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम पवन दिलीप पराशर (22), निवासी वानखेड़ेनगर है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या के दौरान सड़क पर भीड़ तमाशा देखती रही। कोई बचाने नहीं आया, उलटे कुछ लोग वीडियो बनाते रहे।

यू-टर्न लेकर लौटा आरोपी, सड़क पर पड़े बंटी के सिर पर

बताया जाता है कि बाइक को टक्कर मारने के बाद आरोपी ने उसी चौराहे से कार को यू-टर्न लिया और वापस बंटी के पास पहुंच गया। उस समय बंटी गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा था। आरोपी कार से नीचे उतरा। उसके पास लाठी थी। उसने लाठी से बंटी के सिर पर एक के बाद एक कई वार किए। हमले की क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बाइक को टक्कर मारने के बाद आरोपी दोबारा घटनास्थल पर लौटा और घायल युवक पर हमला जारी रखा। इस हमले में बंटी की मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े सड़क पर हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

जिम से घर लौट रहा था बंटी, पीछे लग गई

जानकारी के मुताबिक, बंटी दीक्षित रोजाना की तरह जिम में व्यायाम करने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान पुराने कारोबारी विवाद को लेकर पवन पराशर ने कार से उसका पीछा करना शुरू कर दिया। बंटी की बाइक जैसे ही एन-7 सिडको इलाके में मंगेश गैस एजेंसी के सामने पहुंची, पीछे से आ रही आरोपी की कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बंटी उछलकर सड़क पर जा गिरा। उसकी बाइक घटनास्थल से करीब 150 फीट दूर स्थित विश्वास वाइन शॉप के पास जाकर गिरी। अचानक हुई इस टक्कर से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर गिरने से बंटी गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि, इसके बाद भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ।

हत्या के बाद कार लेकर सीधे पुलिस थाने पहुंचा आरोपी

इस हत्याकांड का एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। बंटी की हत्या करने के बाद आरोपी पवन पराशर अपनी कार लेकर सीधे सिडको पुलिस थाने पहुंच गया और वहां खुद को पुलिस के सामने पेश कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई। पुलिस उपायुक्त रत्नाकर नवले, पुलिस निरीक्षक गजानन कल्याणकर और अतुल येरमे ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वारदात से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू की। शुरुआती जानकारी में हत्या के पीछे पुराने कारोबारी विवाद को वजह बताया जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर दिखाया है कि आपसी और कारोबारी विवाद किस तरह गंभीर हिंसक रूप ले सकते हैं। जिस युवक को बंटी का करीबी दोस्त बताया जा रहा है, उसी पर उसकी हत्या करने का आरोप है। फिलहाल पुलिस आरोपी पवन पराशर से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दोनों के बीच विवाद की असली वजह क्या थी, विवाद कब से चल रहा था और हत्या की घटना किन परिस्थितियों में हुई। एन-7 सिडको में हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।

Created On :  

Tags

Next Story