समृद्धि महामार्ग पर दिनदहाड़े लूट: मदद के बहाने रोकी गाड़ी, तीन कारों से घेरा और चालक के गले से चेन खींची - वाहन के कैमरे में कैद वारदात

मदद के बहाने रोकी गाड़ी, तीन कारों से घेरा और चालक के गले से चेन खींची - वाहन के कैमरे में कैद वारदात
  • तीन कारों से घेरा और चालक के गले से चेन खींची
  • समृद्धि महामार्ग पर दिनदहाड़े लूट
  • वाहन के कैमरे में कैद हुई वारदात

Chhatrapati Sambhaji Nagar News. समृद्धि महामार्ग पर दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई है। नागपुर से नाशिक जा रही फॉर्च्यूनर को मदद मांगने के बहाने रुकवाकर आरोपियों ने तीन कारों से घेर लिया और चालक के गले से सोने की चेन जबरन खींच ली। पूरी वारदात वाहन में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

बुधवार शाम करीब 4 बजे वैजापुर तहसील क्षेत्र में लासूर टोल पार करने के बाद कुछ लोगों ने मदद मांगने के बहाने फॉर्च्यूनर चालक को रुकने का इशारा किया। वाहन रुकते ही तीन कारों ने उसे आगे, पीछे और दाईं ओर से घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने चालक के गले से सोने की चेन खींच ली। तीनों कारों से घिरे होने के कारण चालक को आगे बढ़ने का रास्ता नहीं मिल रहा था।

चालक ने आरोपियों से कहा कि वह स्थानीय क्षेत्र का रहने वाला है। इसके बाद सामने खड़ी कार कुछ दूरी तक आगे बढ़ी। इसी का फायदा उठाकर चालक ने अपनी गाड़ी वहां से निकाल ली और सीधे सिन्नर फाटे तक पहुंचा। वहां उसने वाहन रोककर नीचे उतरने के बाद घटना की जानकारी दी।

पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद चालक गुरुवार को शिकायत दर्ज कराने वैजापुर पुलिस थाने पहुंचा। समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी। पुलिस समृद्धि महामार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ ही वाहन में रिकॉर्ड हुए फुटेज की भी जांच करेगी।

व्यस्त महामार्ग पर दिनदहाड़े तीन वाहनों से घेरकर लूट की वारदात होने से वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

Created On :   28 Aug 2026 6:11 PM IST

Tags

Next Story