Maharashtra News: रेलवे स्टेशन के VIP रूम में खटमल मिलने पर रेलवे को कोर्ट की फटकार, DRM को नोटिस

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के औरंगाबाद रेलवे स्टेशन के VIP वेटिंग रूम में खटमल मिलने का मामला अब अदालत तक पहुंच गया है। ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट ने नांदेड़ डिवीजन के DRM को कारण बताओ नोटिस भेजा है। खबरों के मुताबिक, आरोप है कि VIP रूम के सोफों में खटमल मिलने के बाद भी रेलवे ने समय पर जरूरी कदम नहीं उठाए। मजिस्ट्रेट ने 20 मई 2026 को पुराने सोफे हटाने और पेस्ट कंट्रोल कराने का आदेश दिया था। लेकिन करीब 4 चार महीने बीतने के बाद भी इन निर्देशों पर काम नहीं हुआ। 19 सितंबर तक सोफे वैसे के वैसी ही पड़े रहे। वहीं, अब इस पर अदालत ने रेलवे अधिकारी से जवाब की मांग की है।
न बदले पुराने सोफे न हुआ पेस्ट कंट्रोल
आपको बता दें कि, 20 मई को VIP रूम के सोफों में कई खटमल पाए गए थे। इसके बाद मजिस्ट्रेट ने रेलवे को सोफे बदलने, पेस्ट कंट्रोल कराने और कमरे की साफ-सफाई ठीक रखने को कहा था। लेकिन 19 सितंबर तक इनमें से कोई काम पूरा नहीं हुआ। नोटिस में कहा गया है कि सोफों में अभी भी खटमल मौजूद हैं। ऐसे माहौल में हाईकोर्ट के जजों के बैठने में परेशानी हो रही है। इसी वजह से कुछ जज VIP रूम में बैठने के बजाय अपनी कारों में इंतजार कर रहे थे।
30 सितंबर को DRM को कोर्ट में होना होगा पेश
औरंगाबाद में बॉम्बे हाईकोर्ट की बेंच है जहां 15 से ज्यादा जज हैं। इनमें कई जज ट्रेन से आते-जाते हैं और स्टेशन के VIP रूम में इंतजार करते हैं। अदालत ने पुराने आदेश पर कार्रवाई नहीं होने को गंभीरता से लिया है। DRM नांदेड़ से पूछा गया है कि निर्देशों का पालन नहीं करने पर उनके खिलाफ अदालत की अवमानना के तहत कार्रवाई क्यों न की जाए। उन्हें 30 सितंबर 2026 को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने को कहा गया है। आदेश का पालन नहीं होने पर आगे कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। नोटिस की कॉपी साउथ सेंट्रल रेलवे के जनरल मैनेजर को भी भेजी गई है। RPF इंस्पेक्टर को नोटिस पहुंचाने और रिपोर्ट देने का निर्देश मिला है।
Created On :   22 Sept 2026 4:07 PM IST











