'देश में जो चुनाव हो रहे हैं, वो निष्पक्ष नहीं हैं', जयराम रमेश का दावा

देश में जो चुनाव हो रहे हैं, वो निष्पक्ष नहीं हैं, जयराम रमेश का दावा
कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की मंगलवार को हुई बैठक के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने प्रेस वार्ता कर दावा किया कि देश में हो रहे चुनाव निष्पक्ष नहीं हैं।

नई दिल्ली, 29 सितंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की मंगलवार को हुई बैठक के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने प्रेस वार्ता कर दावा किया कि देश में हो रहे चुनाव निष्पक्ष नहीं हैं।

कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने सीडब्ल्यूसी की मीटिंग में प्रमुख मुद्दों को उठाया। 'वोट चोरी' जैसे खुलासे कांग्रेस पार्टी के कारण हो रहे हैं। राहुल गांधी पिछले दो साल से 'वोट चोरी' का मुद्दा उठा रहे हैं। कर्नाटक के महादेवपुरा का चुनाव, हरियाणा और महाराष्ट्र चुनाव को लेकर उन्होंने सारी जानकारी जनता के सामने रखी। हमारे देश में जो चुनाव हो रहे हैं, वो निष्पक्ष नहीं हैं। यह सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के बीच मैच फिक्सिंग वाला चुनाव है। 'वोट चोरी' की सरकार द्वारा जो कानून पारित किए गए और अधिनियम बनाए गए हैं, वो सभी गैरकानूनी हैं।

जयराम रमेश ने आगे कहा कि बैठक में राहुल गांधी ने ये भी कहा है कि कांग्रेस पार्टी की राजनीति सिर्फ विरोध की नहीं, बल्कि प्रतिरोध की भी है। संसद के भीतर हम विरोध करते हैं, सड़कों पर प्रतिरोध करते हैं, और हम आगे भी ये करते रहेंगे।

कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि सोमवार को हमारे कार्यकर्ताओं ने देशभर के 800 जिलों में जबरदस्त विरोध-प्रदर्शन किया। हमारा आंदोलन बहुत जोरदार था। हमारे सभी वरिष्ठ नेता, डीसीसी अध्यक्ष और देश भर के अन्य नेता सड़कों पर उतरे थे। रिपोर्ट और आंकड़ों से पता चलता है कि एसआईआर के दौरान वोटर लिस्ट से 13 करोड़ से ज्यादा वोट हटा दिए गए हैं। हम जमीनी स्तर पर इन वोटरों तक पहुंचेंगे। इसलिए, हम इसके लिए एक अच्छी तरह से तैयार किया गया अभियान चलाएंगे।

उन्होंने सीडब्ल्यूसी की बैठक के बारे में कहा कि राहुल गांधी ने हमें 1930 के लाहौर कांग्रेस अधिवेशन की याद दिलाई। उस समय, जब अंग्रेजों ने इंडियन नेशनल कांग्रेस को प्रांतीय स्वायत्तता देने से भी इनकार कर दिया था, तो हमने 'पूर्ण स्वराज' के लिए आंदोलन शुरू करने का फैसला किया था। जब भी मौजूदा सरकार देश के लोगों की आवाज सुनने या उनकी मांगों पर ध्यान देने से इनकार करती है, तो लोकतंत्र में विश्वास रखने वाली पार्टियों के पास आगे बढ़ने का एक ही रास्ता होता है, विरोध करना। इसलिए, हम पूरे देश में शांतिपूर्ण प्रदर्शनों और शांतिपूर्ण आंदोलनों के जरिए विरोध करने जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मांग है कि सीईसी का तुरंत इस्तीफा होना चाहिए, जिन्होंने अपनी सारी नैतिक और संस्थागत विश्वसनीयता खो दी है। एसआईआर के जरिए तैयार की जा रही वोटर लिस्ट की निष्पक्षता और पारदर्शिता और खुद इसकी संवैधानिक वैधता को लेकर गंभीर चिंताओं के कारण इसे तुरंत सस्पेंड किया जाए। वोटर लिस्ट से हटाए गए 13 करोड़ 30 लाख नामों को तुरंत बहाल किया जाए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   29 Sept 2026 6:13 PM IST

Tags

Next Story