धर्म: वियतनाम के बाई दिन्ह पैगोडा में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों पर श्रद्धालुओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि

हनोई, 21 मई (आईएएनएस)। भारत से भेजे गए भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों को बुधवार को वियतनाम के निन्ह बिन्ह प्रांत के प्रसिद्ध बौद्ध मंदिर 'बाई दीन्ह पैगोडा' में स्थापित किया गया। प्रांतीय नेताओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अवशेषों का स्वागत किया। भारत और वियतनाम से आए भिक्षुओं ने पारंपरिक प्रार्थनाएं कीं।
अवशेष वियतनाम के हा नाम प्रांत के तम चुक पैगोडा से निन्ह बिन्ह के बौद्ध मंदिर में पहुंचे। वियतनाम सरकार द्वारा संरक्षित पवित्र अवशेषों को बाई दिन्ह पैगोडा में अनुयायियों द्वारा प्राप्त किया गया।
इससे पहले, हजारों लोगों ने पवित्र वातावरण में तम चुक पैगोडा में अवशेषों की प्रदर्शनी में अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
पवित्र अवशेषों को 2 मई को केंद्रीय में अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू के नेतृत्व में एक भारतीय प्रतिनिधिमंडल द्वारा लाया गया था, जिसमें आंध्र प्रदेश के मंत्री कंडुला दुर्गेश और वरिष्ठ भिक्षु तथा अधिकारी भी शामिल थे।
संयुक्त राष्ट्र वेसाक दिवस समारोह के हिस्से के रूप में वियतनाम लाए गए पवित्र अवशेषों को गुरुवार को भारत वापस लाया जाएगा।
अवशेषों को पहले हो ची मिन्ह सिटी में थान तम पैगोडा, फिर ताय निन्ह प्रांत में बा डेन माउंटेन, हनोई में क्वान सु पैगोडा और हा नाम में तम चुक पैगोडा में प्रदर्शित किया गया था।
पिछले सप्ताह वियतनाम में भारतीय दूतावास ने भगवान बुद्ध के अवशेषों और आगामी परियोजनाओं के बारे में स्थानीय मीडिया के साथ जानकारी साझा की।
इसे भारत का "राष्ट्रीय खजाना" बताते हुए दूतावास ने कहा कि भगवान बुद्ध के अवशेषों का वियतनाम आना दोनों सरकारों, वियतनाम बौद्ध संघ और अन्य संगठनों के बीच सहयोग का परिणाम है।
भारत द्वारा पवित्र अवशेषों को वियतनाम भेजने की वियतनाम के राष्ट्रपति लुओंग कुओंग ने सराहना की थी और कहा था कि इससे दोनों देशों के बीच मजबूत आध्यात्मिक और सांस्कृतिक संबंध और मजबूत होंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 May 2025 11:24 PM IST