करूर भगदड़ घायलों की सूची जारी, सरकारी अस्पताल के बाहर भारी पुलिस बल तैनात

करूर, 29 सितंबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु के करूर में मची भगदड़ के बाद घटनास्थल पर सोमवार को भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के बाहर भी पुलिस बल तैनात किया गया है। सरकारी और निजी अस्पतालों में 50 लोगों का इलाज चल रहा है, जबकि 39 लोगों को छुट्टी दे दी गई है।
करूर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के डीन ने घायलों को लेकर एक सूची जारी की है, जिसमें सोमवार तक सुबह 8 बजे तक भगदड़ में घायल हुए 50 लोगों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
सरकारी अस्पताल में 43 लोगों का इलाज चल रहा है, जिनमें से 9 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं सरकारी और निजी अस्पतालों से कुल 39 लोगों को छुट्टी दे दी गई है।
केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण और एल मुरुगन साथ ही भाजपा के राज्य अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन अस्पताल और पीड़ितों के परिवारों से मिलने जाएंगे। इसी को देखते हुए घटनास्थल और अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात किया है।
करूर में भगदड़ की घटना के बारे में एक प्रत्यक्षदर्शी कार्तिक ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "विजय के आने के बाद भीड़ बहुत ज्यादा हो गई। लोग समुद्र की लहर की एक तरफ बढ़ने लगे। विजय ने कहा था कि बच्चे, गर्भवती महिलाएं और महिलाएं इस कार्यक्रम में न आएं, लेकिन कई लोगों ने उनकी बात नहीं मानी और बच्चों को भी साथ ले आए, इसलिए यह हादसा हुआ।"
उन्होंने कहा कि सभी सुविधाएं घटनास्थल से 500 मीटर की दूरी पर थीं, इसलिए भी भीड़ को वहां तक नहीं पहुंचाया जा सका। चारों तरफ शोर मचा हुआ था, लोग बचने के लिए एक स्थान से दूसरे स्थान पर भाग रहे थे।
यह हादसा शनिवार शाम को हुआ था, जब विजय का भाषण सुनने के लिए हजारों लोग जमा हुए थे। इस भगदड़ में कई लोग संकरी गलियों में फंस गए तो कई बेहोश हो गए और कुछ कुचले गए थे। इस हादसे में अब तक 41 लोग जान गंवा चुके हैं।
Created On :   29 Sept 2025 12:16 PM IST