धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा इस देश के युवाओं की जीत संजय राउत
मुंबई, 25 जुलाई (आईएएनएस)। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को दिल्ली से लेकर लखनऊ, पटना और कोलकाता तक चले देशव्यापी युवा आंदोलन की बड़ी जीत बताया। साथ ही, उन्होंने इस बात की संभावना जताई कि धर्मेंद्र की जगह पर देवेंद्र आ सकते हैं।
संजय राउत ने शनिवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि दिल्ली, महाराष्ट्र, लखनऊ और देश के कई शहरों में युवाओं ने सामने आकर संघर्ष किया। आखिरकार युवाओं ने अपनी शक्ति से इस सरकार को परिचय करा ही दिया। इन युवाओं ने शिक्षा में सुधार की मांग को लेकर लाठियां खाईं। लड़कियों के साथ अभद्र व्यवहार किए गए, लेकिन यह सरकार युवाओं को झुका नहीं पाई। अब इन युवाओं के संघर्ष का प्रतिफल धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के रूप में मिला है, जिसकी चौतरफा चर्चा हो रही है।
शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत के मुताबिक, युवाओं की शक्ति के आगे सरकार झुक गई, जिसका नतीजा यह हुआ कि धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा। मैं समझता हूं कि यह लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ी बात है। 12 साल से इस देश का लोकतंत्र आईसीयू में था। सांस नहीं ले पा रहा था। मौजूदा हुकूमत लगातार जनता के हितों पर कुठाराघात करने की कोशिश कर रही थी, लेकिन अब युवाओं ने सड़क पर आकर अपनी शक्ति का परिचय देते हुए लोकतंत्र को खड़ा करने का काम किया है।
इसके अलावा, उन्होंने विजय रैली पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि मसला यहां पर विजय रैली की नहीं थी। इस रैली के पीछे हमारा मुख्य मकसद यही था कि हमारे जो बच्चे सड़कों पर सामने आकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, हम उनके समर्थन में विजय रैली करें, लेकिन मुझे लगता है कि आज शाम तक छात्रों का विरोध प्रदर्शन समाप्त हो जाएगा। इसके बावजूद हम एक विरोध प्रदर्शन निकालकर मौजूदा सरकार को यह संदेश देने का काम करेंगे कि इस देश में लोकतंत्र जिंदा है। देश में लोकतंत्र को जिंदा रखने के लिए प्रत्येक नागरिक की संवेदनाओं का जिंदा रखना जरूरी है। इस दिशा में रैली हर हाल में निकालकर रहेंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 July 2026 6:24 PM IST












