धीरेंद्र शास्त्री बोले, 'संतों और मठ-मंदिरों के खिलाफ रचा जा रहा षड्यंत्र', अयोध्या में किए हनुमानगढ़ी के दर्शन
अयोध्या, 3 जुलाई (आईएएनएस)। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने अयोध्या दौरे के दौरान राम मंदिर दान प्रकरण पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हमें देश की न्याय-व्यवस्था और सरकार पर पूरा भरोसा है और सभी दोषियों को सजा मिलेगी। साथ ही, धीरेंद्र शास्त्री ने आरोप लगाया कि कुछ शक्तियां वर्तमान समय में संतों और मठ-मंदिरों के प्रति आस्था और श्रद्धा गिराने के मकसद से सुनियोजित तरीके से षड्यंत्र कर रही हैं।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने शुक्रवार को अयोध्या में हनुमानगढ़ी के दर्शन किए। उन्होंने हनुमानगढ़ी के पुजारी महंत राजू दास के गुरु महंत संत राम दास के आश्रम पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, "हमने हनुमान गढ़ी में हनुमान दादा के दर्शन किए। हनुमानगढ़ी के पुजारी राजू दास के गुरु महंत संत राम दास का हाल ही में निधन हुआ। वे उज्जैनिया पट्टी के श्रीमहंत थे। उनके निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए अयोध्या आए हैं। यह हमारा सौभाग्य है।"
इसी दौरान, राम मंदिर दान प्रकरण पर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, "यह कोई मामूली पाप नहीं, बल्कि महापाप है और भगवान इसकी सजा देंगे। लेकिन हम यह भी कहना चाहेंगे कि हमें देश के कानून-व्यवस्था और एसआईटी पर भरोसा रखना चाहिए, क्योंकि जांच चल रही है। हमें देश की न्याय-व्यवस्था और सरकार पर पूरा भरोसा है और सभी दोषियों को सजा मिलेगी।"
उन्होंने कहा, "वर्तमान में कलयुग से ज्यादा छलयुग चल रहा है। इसमें सावधान रहना होगा। वर्तमान समय में संतों, महंतों, मठों और मंदिरों पर सुनियोजित तरीके से आस्था और श्रद्धा को कम करने के मकसद से षड्यंत्र भी चल रहे हैं। इसमें कालनेमी लोग सक्रिय हैं और उनसे हम सभी को सावधान रहना होगा। हमें भरोसा है कि जिन लोगों ने पाप किया, उन्हें भगवान भी दंड देंगे और देश का कानून भी सजा देगी।"
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा, "अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रखें, क्योंकि कुछ भड़काने वाली शक्तियां आपको गुमराह करेंगी। ये शक्तियां हिंदुओं को हिंदुओं से लड़ाने और संत, महंत, मठ व मंदिरों के प्रति श्रद्धा को कम कराने की कोशिश करेंगी। इसलिए हम सभी हिंदुओं को विवेक से काम लेना है। एक घटना के कारण हमें सनातन के ऊपर आघात या आंच नहीं आने देनी है।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 July 2026 12:51 PM IST












