धोनी-रोहित से बेहतर रहेगा आईपीएल 2026 में विराट कोहली का प्रदर्शन आकाश चोपड़ा

धोनी-रोहित से बेहतर रहेगा आईपीएल 2026 में विराट कोहली का प्रदर्शन आकाश चोपड़ा
भारत के पूर्व बल्लेबाज आकाश चोपड़ा का मानना है कि एमएस धोनी और रोहित शर्मा के मुकाबले विराट कोहली आईपीएल 2026 में ज्यादा बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी साबित होंगे। आकाश का कहना है कि विराट की फिटनेस कमाल की है और उनकी बल्लेबाजी में निरंतरता है।

नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। भारत के पूर्व बल्लेबाज आकाश चोपड़ा का मानना है कि एमएस धोनी और रोहित शर्मा के मुकाबले विराट कोहली आईपीएल 2026 में ज्यादा बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी साबित होंगे। आकाश का कहना है कि विराट की फिटनेस कमाल की है और उनकी बल्लेबाजी में निरंतरता है।

आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को चैंपियन बनाने में विराट कोहली का रोल बल्ले से काफी अहम रहा था। कोहली ने 15 मुकाबलों में 144 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 657 रन बनाए थे। इस दौरान विराट ने 8 अर्धशतक लगाए थे। आकाश ने 'जियोस्टार' से बात करते हुए कहा, "पूरा ध्यान फिर से विराट कोहली पर रहेगा, क्योंकि वह बहुत फिट हैं। हां, सीरीज के बीच गैप होते हैं और ऑस्ट्रेलिया में उसी गैप के कारण वह रन नहीं बना सके थे। हालांकि, उन्होंने जब एक बार रन बनाना शुरू किया, तो लगातार निरंतरता के साथ रन बनाने का तरीका खोज लिया।"

आकाश ने आगे कहा, "जिस तरह की फिटनेस उन्होंने इतने समय में हासिल की है वो उनको सबसे खास बनाती है। कोहली आईपीएल में सलामी बल्लेबाज भी हैं, तो उनके पास खुद को फॉर्म में लाने के लिए ज्यादा समय रहता है। यही बात रोहित शर्मा पर भी लागू होती है, लेकिन उन दोनों में से मुझे अब भी लगता है कि विराट कोहली के लिए यह थोड़ा आसान है।"

आकाश ने भी बताया कि धोनी के लिए आईपीएल 2026 में जोरदार शुरुआत करना क्यों मुश्किल हो सकता है। उन्होंने कहा, "धोनी के लिए भी यह थोड़ा मुश्किल है, क्योंकि वह 40 के पार हैं। उनके लिए 10 महीने तक कुछ नहीं खेलना फिर आईपीएल में आना और खेलना और ऐसे नंबर पर खेलना जहां उन्हें सिर्फ 10-12 गेंदें मिलें, यह सबसे मुश्किल काम है। फिर 20 ओवर कीपिंग भी होती है, इसलिए उनका काम शायद सबसे मुश्किल है।"

चोपड़ा ने आगे कहा कि रोहित से उम्मीद है कि वह टॉप ऑर्डर में अपनी आक्रामक शैली जारी रखेंगे और मुंबई इंडियंस के दूसरे बल्लेबाजों के लिए प्लेटफॉर्म सेट करेंगे। "जब आप मुंबई इंडियंस के बैटिंग ऑर्डर का हिस्सा होते हैं, तो रोहित शर्मा के लिए मंच सेट करना जरूरी होता है। रोहित एक खास तरीके से बैटिंग करना चाहते हैं। उन्होंने अपनी राय पहले ही पब्लिक कर दी है। हालांकि, अगर आप ऐसे सेटअप का हिस्सा हों, जहां दूसरे छोर पर क्विंटन डी कॉक हैं, उसके बाद तिलक, सूर्या, हार्दिक, विल जैक्स या शेरफेन रदरफोर्ड और फिर नमन धीर हैं, तो और क्या विकल्प है? आपको 20 ओवर्स का पूरा फायदा उठाना होगा और खासतौर पर शुरुआती छह ओवरों का।" आकाश के अनुसार, इसी कारण रोहित से आक्रामक बल्लेबाजी की उम्मीद की जाएगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 March 2026 1:57 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story