डाइट और एक्सरसाइज के बाद भी नहीं घट रहा वजन? जानिए इसके पीछे वैज्ञानिक कारण
नई दिल्ली, 26 मार्च (आईएएनएस)। आज के समय में बढ़ता वजन एक बड़ी समस्या बन चुका है। लोग फिट रहने के लिए जिम जाते हैं, डाइट प्लान फॉलो करते हैं और तरह-तरह के उपाय करते हैं, लेकिन इसके बावजूद कई बार वजन कम नहीं होता। ऐसे में लोग निराश होकर कोशिशें छोड़ देते हैं। इस पीछे वैज्ञानिक शोध कई कारण बताते हैं।
वैज्ञानिक रिसर्च के अनुसार, अगर कोई व्यक्ति रोजाना पर्याप्त नींद नहीं लेता है, तो उसके शरीर में घ्रेलिन और लेप्टिन नाम के हार्मोन प्रभावित होते हैं, जो भूख और पेट भरने का संकेत देते हैं। नींद की कमी से भूख बढ़ जाती है, जिससे व्यक्ति जरूरत से ज्यादा खाता है। साथ ही शरीर में तनाव का हार्मोन कोर्टिसोल भी बढ़ता है, जो फैट जमा होने की प्रक्रिया को तेज करता है। इसलिए वैज्ञानिकों की सलाह हैं कि हर व्यक्ति को कम से कम 7 से 8 घंटे की अच्छी नींद जरूर लेनी चाहिए।
दूसरा बड़ा कारण है शरीर में पानी की कमी। कई लोग दिनभर में बहुत कम पानी पीते हैं, जिसका सीधा असर उनके मेटाबॉलिज्म पर पड़ता है। वैज्ञानिक रिसर्च के अनुसार, पर्याप्त पानी पीने से शरीर की कैलोरी बर्न करने की क्षमता थोड़ी बढ़ जाती है और भूख भी नियंत्रित रहती है। इसके अलावा, पानी शरीर से विषैले तत्वों को निकालने में मदद करता है और पाचन को बेहतर बनाता है। अगर पानी की मात्रा कम होती है, तो शरीर सुस्त पड़ जाता है और वजन कम करने की प्रक्रिया धीमी हो सकती है।
तीसरा कारण है मानसिक तनाव। आज तनाव एक आम समस्या बन गया है, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इसका सीधा संबंध वजन से भी है। जब व्यक्ति ज्यादा तनाव में रहता है, तो शरीर में कोर्टिसोल हार्मोन का स्तर बढ़ जाता है। यह हार्मोन पेट के आसपास फैट जमा करता है। तनाव के कारण लोग भावनात्मक रूप से ज्यादा खाने लगते हैं, जिसे मेडिकल भाषा में इमोशनल ईटिंग कहा जाता है। ऐसे में मेडिटेशन, योग या फेवरेट एक्टिविटी के जरिए तनाव को कम करना बेहद जरूरी होता है।
चौथा कारण है संतुलित पोषण की कमी। कई बार लोग वजन घटाने के चक्कर में बहुत कम खाना शुरू कर देते हैं या जरूरी पोषक तत्वों को नजरअंदाज कर देते हैं, जो गलत है। शरीर को सही मात्रा में प्रोटीन, फाइबर, विटामिन और मिनरल्स की जरूरत होती है। प्रोटीन मांसपेशियों को मजबूत बनाता है और भूख को नियंत्रित करता है, जबकि फाइबर पाचन को बेहतर बनाता है और लंबे समय तक पेट भरा रखता है। अगर डाइट में इन पोषक तत्वों की कमी हो, तो शरीर ऊर्जा बचाने लगता है और वजन कम होना मुश्किल हो जाता है।
एक बड़ा कारण शारीरिक गतिविधि की कमी भी है। केवल डाइट कंट्रोल करने से ही वजन कम नहीं होता, बल्कि शरीर को एक्टिव रखना भी उतना ही जरूरी है। रिसर्च के अनुसार, जो लोग शारीरिक गतिविधि करते हैं। उनका मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है और वे ज्यादा कैलोरी बर्न कर पाते हैं। रोजाना कम से कम 30 मिनट की एक्सरसाइज जैसे तेज चलना, योग या साइक्लिंग, वजन घटाने में काफी मददगार साबित हो सकती है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 March 2026 9:30 AM IST












