मिडटर्म चुनाव में 'ऐतिहासिक जीत' का दावा, ट्रंप ने डेमोक्रेट्स पर साधा निशाना

मिडटर्म चुनाव में ऐतिहासिक जीत का दावा, ट्रंप ने डेमोक्रेट्स पर साधा निशाना
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आगामी मिडटर्म चुनावों को लेकर बड़ा दावा करते हुए रिपब्लिकन पार्टी की ऐतिहासिक जीत का भरोसा जताया। साथ ही उन्होंने डेमोक्रेट्स पर तीखा हमला बोलते हुए अपनी सरकार की आर्थिक, सैन्य और सीमा सुरक्षा नीतियों को बड़ी उपलब्धि बताया।

वाशिंगटन, 26 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आगामी मिडटर्म चुनावों को लेकर बड़ा दावा करते हुए रिपब्लिकन पार्टी की ऐतिहासिक जीत का भरोसा जताया। साथ ही उन्होंने डेमोक्रेट्स पर तीखा हमला बोलते हुए अपनी सरकार की आर्थिक, सैन्य और सीमा सुरक्षा नीतियों को बड़ी उपलब्धि बताया।

बुधवार (स्थानीय समय) को यहां यूनियन स्टेशन में आयोजित हाउस रिपब्लिकन डिनर को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि उनकी सरकार ने बड़े परिणाम दिए हैं और आने वाले चुनावों में वे इतिहास को बदल देंगे। उन्होंने कहा, "आपकी मदद से इस नवंबर हम कट्टरपंथी वामपंथी डेमोक्रेट्स को हराएंगे और ऐसी जीत हासिल करेंगे जैसी देश ने पहले कभी नहीं देखी।"

राष्ट्रपति ट्रंप ने इस चुनाव को अपनी सरकार के कामकाज पर जनमत संग्रह (रेफरेंडम) बताया। उन्होंने कहा कि पिछली चुनावी जीत के बाद रिपब्लिकन को स्पष्ट जनादेश मिला है। हमने सभी सात स्विंग स्टेट्स जीते, हमने इलेक्टोरल कॉलेज जीता, हमने पॉपुलर वोट भी जीता।

राष्ट्रपति ने फंड रेजिंग को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में रिकॉर्ड 37 मिलियन डॉलर जुटाए गए। आज हमने 37 मिलियन डॉलर जुटाए और यह नया रिकॉर्ड है।

ट्रंप ने कहा कि उनकी नीतियों से घुसपैठ और नशे के अवैध कारोबार में कमी आई है। उन्होंने दावा किया, "लगातार 10 महीनों से एक भी अवैध प्रवासी को अमेरिका में प्रवेश नहीं दिया गया है।" साथ ही उन्होंने एयरपोर्ट पर सख्ती और इमिग्रेशन एजेंट्स के काम की भी सराहना की और कहा कि वे एयरपोर्ट्स पर शानदार काम कर रहे हैं, इंतजार का समय भी काफी घटा है।

विदेश नीति पर बोलते हुए ट्रंप ने ईरान के खिलाफ सख्त रुख का जिक्र किया। उन्होंने कहा, "हमें इस कैंसर को खत्म करना था। यह कैंसर ईरान का परमाणु हथियार था।" उन्होंने दावा किया कि हालिया सैन्य कार्रवाई से ईरान काफी कमजोर हुआ है। हमने उनकी नौसेना को खत्म कर दिया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि ईरान अब बातचीत के लिए तैयार है और समझौता करना चाहता है।

राष्ट्रपति ट्रंप ने डेमोक्रेट्स पर निशाना साधते हुए उन पर 'खराब नीतियों' और देश में अस्थिरता फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "वे अराजकता फैलाना चाहते हैं। उन्हें नीति बनानी नहीं आती।" वोटर आईडी और इमिग्रेशन नियंत्रण के विरोध पर उन्होंने कहा, "अगर आप इसका विरोध करते हैं तो इसका मतलब है कि आप धोखा देना चाहते हैं।"

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि डेमोक्रेट्स सीमा सुरक्षा और अपराध से जुड़े कानूनों को रोक रहे हैं। हमें बस कुछ और वोट चाहिए। हम चमत्कार कर सकते हैं।

आर्थिक मोर्चे पर डोनाल्ड ट्रंप ने महंगाई और दवाइयों की कीमतों में कमी का दावा करते हुए कहा कि हमने दवाइयों की कीमत 50, 60, 70, 80 और 90 प्रतिशत तक कम की है। साथ ही उन्होंने टिप और ओवरटाइम पर टैक्स खत्म करने जैसे प्रस्तावों का भी जिक्र किया।

डोनाल्ड ट्रंप ने पार्टी एकजुटता पर जोर दिया और कार्यकर्ताओं से मजबूती से चुनाव लड़ने की अपील की। उन्होंने कहा, "आपको लड़ना होगा और मजबूत बनना होगा। रिपब्लिकन को एकजुट रहना होगा। हम अमेरिका को फिर से सुरक्षित और महान बनाएंगे।"

बता दें कि इस साल होने वाले मिडटर्म चुनावों में कांग्रेस का नियंत्रण तय होगा और इसे ट्रंप सरकार की ताकत की बड़ी परीक्षा माना जा रहा है।

आमतौर पर अमेरिकी राष्ट्रपति की पार्टी मिडटर्म में सीटें खो देती है, लेकिन ट्रंप ने दावा किया कि इस बार यह ट्रेंड बदलेगा। फिलहाल कांग्रेस में रिपब्लिकन पार्टी के पास मामूली बहुमत है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 March 2026 9:37 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story