दिग्विजय सिंह की ‘सनातन स्वाभिमान यात्रा’ पर भाजपा का हमला, राम कदम बोले- कैसी नौटंकी है
मुंबई, 10 सितंबर (आईएएनएस)। अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के उज्जैन से अयोध्या तक ‘सनातन स्वाभिमान यात्रा’ निकालने के ऐलान पर भाजपा ने तीखा हमला बोला है। महाराष्ट्र के भाजपा विधायक राम कदम ने दिग्विजय सिंह की यात्रा को राजनीतिक नौटंकी करार देते हुए कांग्रेस पर हिंदू आस्था के मुद्दे पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।
महाराष्ट्र के भाजपा विधायक राम कदम ने कहा कि जो लोग लंबे समय से राम मंदिर आंदोलन और मंदिर निर्माण पर सवाल उठाते रहे, वे अब सनातन और हिंदू धर्म की बात कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राम मंदिर मामले का फैसला आने में देरी कराने और उसे रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट में वकीलों की फौज खड़ी की थी। कदम ने कहा कि कांग्रेस नेताओं की पुरानी राजनीति और उनके बयान देश भूला नहीं है।
दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए भाजपा विधायक ने कहा कि वह वही नेता हैं जिन्होंने अतीत में ‘भगवा आतंकवाद,' ‘हिंदू आतंकवाद,' और ‘संघी आतंकवाद’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल या समर्थन किया था। कदम ने सवाल उठाया कि अचानक उनकी आस्था में बदलाव कैसे आ गया। उन्होंने दावा किया कि यह यात्रा सनातन और हिंदू धर्म की छवि को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही है।
राम कदम ने कहा कि कांग्रेस के नेता धर्म के नाम पर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उनके मुताबिक, कांग्रेस की राजनीति में पहले राम मंदिर के निर्माण का विरोध और अब सनातन स्वाभिमान की बात विरोधाभास को दर्शाती है।
वहीं, कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम के ‘दिमागी नक्सल’ संबंधी बयान पर भी राम कदम ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को इस बात से परेशानी है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश में नक्सलवाद लगभग समाप्त होने की कगार पर पहुंच गया है। कदम ने सवाल किया कि कांग्रेस वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद नक्सलवाद को खत्म क्यों नहीं कर सकी।
वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नरेंद्र कश्यप ने भी कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस धर्म के नाम पर लोगों को बांटने की राजनीति कर रही है। कश्यप ने कहा कि जनता समझ चुकी है कि कांग्रेस राम और धर्म से जुड़े मुद्दों पर राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा राम मंदिर के खिलाफ काम किया है।
पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, "देखिए, वे समय-समय पर यात्राएं निकालते रहते हैं, उन्होंने पहले नर्मदा यात्रा भी निकाली थी। इस संदर्भ में, अगर वे शिवधाम से राम यात्रा निकाल रहे हैं, तो इसमें कोई दिक्कत नहीं है। हालांकि, ये लोग कभी-कभी बहुत खतरनाक बातें कह जाते हैं। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आते हैं, उन्हें अचानक राम, हिंदुत्व और बाकी सब चीजें याद आने लगती हैं। हालांकि समय-समय पर वे इनके खिलाफ भी बातें करते हैं।"
पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पंजाब, जो एक बहुत समृद्ध राज्य है और कभी खेलों में पूरे देश में सबसे आगे था, वहां किसी तरह ड्रग्स का प्रवेश हुआ और बड़े पैमाने पर फैल गया। एक कारण यह है कि इसकी सीमा पाकिस्तान से लगती है, जिसका असर पड़ता है। इसके अलावा, इसमें बहुत प्रभावशाली लोग शामिल हैं और यह नेक्सस इसलिए नहीं टूट रहा है क्योंकि ऐसे प्रभावशाली व्यक्ति इससे जुड़े हुए हैं।"
बता दें कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने धर्म के नाम पर कथित लूट और श्रद्धालुओं की आस्था से खिलवाड़ के खिलाफ 'सनातन स्वाभिमान यात्रा' निकालने का ऐलान किया है। यह यात्रा 20 अक्टूबर से उज्जैन से शुरू होकर अयोध्या तक जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 Sept 2026 2:45 PM IST












