दिलेर खरकिया पर फायरिंग के बाद एआईसीडब्ल्यूए ने सीएम नायब सिंह सैनी को लिखा पत्र, कलाकारों के लिए मांगी सुरक्षा

दिलेर खरकिया पर फायरिंग के बाद एआईसीडब्ल्यूए ने सीएम नायब सिंह सैनी को लिखा पत्र, कलाकारों के लिए मांगी सुरक्षा
हरियाणवी गायक, अभिनेता और मॉडल दिलेर खरकिया की कार पर फायरिंग का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह वारदात उनके घर के बाहर हुई, जिसमें वह बाल-बाल बच गए। इस गोलीबारी की घटना के बाद मनोरंजन जगत में भारी रोष है। इस गंभीर मामले को लेकर 'ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन' (एआईसीडब्ल्यूए) ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है।

चंडीगढ़, 18 सितंबर (आईएएनएस)। हरियाणवी गायक, अभिनेता और मॉडल दिलेर खरकिया की कार पर फायरिंग का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह वारदात उनके घर के बाहर हुई, जिसमें वह बाल-बाल बच गए। इस गोलीबारी की घटना के बाद मनोरंजन जगत में भारी रोष है। इस गंभीर मामले को लेकर 'ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन' (एआईसीडब्ल्यूए) ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है।

एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को एक पत्र भेजकर राज्य में कलाकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और रंगदारी वसूलने वाले आपराधिक गिरोहों के खिलाफ तत्काल सख्त कदम उठाने की मांग की है।

मुख्यमंत्री को लिखे गए आधिकारिक पत्र में एआईसीडब्ल्यूए ने कहा कि 17 सितंबर की रात लगभग 11 बजे अज्ञात हमलावरों ने हरियाणवी कलाकार दिलेर खरकिया की गाड़ी पर गोलियां चलाईं। यह कोई पहली घटना नहीं है। फिल्म और संगीत जगत से जुड़े कलाकारों को लगातार दिनदहाड़े निशाना बनाया जा रहा है। हाल ही में पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू के आवास के बाहर अज्ञात लोगों ने फायरिंग की थी। इसके अलावा, हरियाणवी गायक अंकित बालियान की दिनदहाड़े 18 गोलियां मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थीं।

एआईसीडब्ल्यूए ने पत्र में कहा कि यह हमले संगठित आपराधिक गिरोहों द्वारा जानबूझकर किए जा रहे हैं। उनका मुख्य मकसद कलाकारों और उनके परिवारों में खौफ पैदा करके उनसे मोटी फिरौती वसूलना है। बॉलीवुड से लेकर क्षेत्रीय संगीत और फिल्म इंडस्ट्री तक फैले इस डर के माहौल से कलाकारों की सुरक्षा, सम्मान और उनकी रोजी-रोटी खतरे में पड़ गई है।

पत्र में एआईसीडब्ल्यूए ने सरकार से दो प्रमुख मांगें कीं। उन्होंने लिखा कि दिलेर खरकिया की कार पर फायरिंग करने वाले गैंगस्टरों के खिलाफ तुरंत और सख्त जांच बैठाई जाए, ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाई जा सके। वहीं, हरियाणा फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े सभी कलाकारों और पेशेवरों की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार ले, जिससे आपराधिक गिरोह डर दिखाकर वसूली न कर सकें।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 Sept 2026 6:12 PM IST

Tags

Next Story