दिल्ली के मंदिरों में उमड़ा भक्तों का जनसैलाब, 'जय माता दी' के जयकारों से गूंजी राजधानी

दिल्ली के मंदिरों में उमड़ा भक्तों का जनसैलाब, जय माता दी के जयकारों से गूंजी राजधानी
चैत्र माह की नवरात्रि गुरुवार से शुरू हो गई है। दिल्ली के प्रसिद्ध प्राचीन मंदिरों में सुबह-सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। नवरात्रि के पहले दिन का उत्साह शहरभर में छाया हुआ है।

नई दिल्ली, 19 मार्च (आईएएनएस)। चैत्र माह की नवरात्रि गुरुवार से शुरू हो गई है। दिल्ली के प्रसिद्ध प्राचीन मंदिरों में सुबह-सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। नवरात्रि के पहले दिन का उत्साह शहरभर में छाया हुआ है।

इस दौरान दिल्ली के प्रमुख माता रानी के मंदिरों जैसे कालकाजी मंदिर और झंडेवाला देवी मंदिर में भक्तों का जमावड़ा देखने को मिला। मंदिरों में सुबह से ही पूजा-अर्चना, शृंगार और आरती का सिलसिला जारी है। इस दौरान मंदिर में पहुंचे श्रद्धालुओं ने आईएएनएस के साथ बातचीत की।

कालका जी मंदिर से एक श्रद्धालु ने बताया कि नवरात्रि के दौरान मंदिर की व्यवस्था बहुत अच्छी होती है। यही कारण है कि वे हर साल दर्शन के लिए आते हैं।

कालका जी मंदिर से एक और श्रद्धालु ने कहा, "यह मंदिर बहुत प्राचीन है और इसकी मान्यता पुरानी है। हम परिवार सहित कई वर्षों से यहां पर आ रहे हैं। आज दर्शन बहुत अच्छे हुए। पहले दिन सुबह के समय भीड़ कम है, लेकिन जैसे-जैसे दिन बढ़ेगा, भक्तों की संख्या बढ़ती नजर आएगी। लोग दूर-दूर से यहां आते हैं और माता की कृपा पाकर जाते हैं।"

वहीं, एक और श्रद्धालु ने भावुक होकर कहा, "कालका मंदिर को शक्तिपीठ के रूप में जाना जाता है। यहां भक्त ज्योत लेकर जाते हैं। कहा जाता है कि माता रानी से जो भी मांगो, वो पूरा हो जाता है। यहां माता रानी की विशेष कृपा है। हम सभी भक्तों के लिए प्रार्थना करते हैं कि मां अपनी कृपा बनाए रखें। नौ दिनों तक हम माता की सेवा में लगे रहते हैं।"

झंडेवाला देवी मंदिर में भी भक्तों का उत्साह चरम पर था। एक श्रद्धालु ने आईएएनएस के साथ बात करते हुए कहा, "सबसे पहले मैं मंदिर सोसायटी की ओर से सभी भक्तों को नववर्ष की ढेर सारी शुभकामनाएं देता हूं। महाभगवती सभी की मनोकामनाएं पूरी करें और फलीभूत करें।"

उन्होंने आगे बताया कि मंदिर में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। लोग दूर-दूर से माता रानी के दर्शन के लिए आ रहे हैं। आज नवरात्रि का पहला दिन है। यहां देवी शैलपुत्री का खास शृंगार, पूजन और अर्चन किया गया। चैत्र मास में नवरात्रि की शुरुआत शैलपुत्री की पूजा से होती है। सभी साधक, योगी और भक्त अपनी नौ दिनों की आध्यात्मिक यात्रा आज से शुरू करते हैं।

एक भक्त ने कहा, "मैं पिछले 20 साल से यहां नियमित दर्शन के लिए आ रहा हूं। देवी की कृपा से सबका काम बनता है। यह कोई नया या निजी मंदिर नहीं है। आप इसे दिल्ली की वैष्णो देवी भी कह सकते हैं। यहां आने वाला कोई भी खाली हाथ नहीं जाता। देवी किसी को निराश नहीं करतीं।"

एक अन्य श्रद्धालु ने कहा, "देवी यहां सभी को दर्शन देती हैं। मेरे पिताजी कई साल तक यहां सेवादार रहे थे। हम परिवार सहित रोज सुबह 4 बजे प्रार्थना के लिए आते हैं। दर्शन हमेशा बहुत अच्छे मिलते हैं। देवी हर किसी की मनोकामना पूरी करती हैं।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   19 March 2026 9:37 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story